Patna: किशनगंज में चल रहे फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले गिरोह का पुलिस पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपी असराफुल जियापोखर थाना क्षेत्र के गिल्हाबाड़ी वाला है. पुलिस मौके पर से एक प्रिंटर, एक मुहर, क्यूआर कोड लगा कूपन, नेपाली नोट, भारतीय रुपया, स्कैनर, इलेक्ट्रिक बोर्ड, लैपटॉप, चार पहिया वाहन (WB16AE1725), मोबाइल, 22 आँख के रेटिना का छायाप्रति, कई लोगो का इनरोलमेन्ट रसीद समेत अन्य समान जप्त किया है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले एक बड़े नेटवर्क के बारे में जियापोखर थाना को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के गिल्हाबाड़ी वार्ड संख्या-02 स्थित एक स्थान पर फर्जी तरीके से आधार कार्ड बनाए जा रहे हैं. सूचना पर किशनगंज एसपी एसडीपीओ-2 के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. गठित टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए योजनाबद्ध तरीके से गिल्हाबाड़ी वार्ड संख्या-02 स्थित ठिकाने पर छापेमारी कर असराफुल को पकड़ा. उसने स्वीकार किया कि वह फर्जी आधार कार्ड बनाने के गोरख धंधे में शामिल है, वह अपने सहयोगी जमाल, पंकज के साथ मिलकर आईडी और पासवर्ड का उपयोग कर फर्जी आधार कार्ड बनाता था. यह भी बताया कि दूर-दराज और नेपाल सीमावर्ती क्षेत्रों से लोग यहां आकर फर्जी आधार कार्ड बनवाते थे. आरोपी के निशानदेही पर भारी मात्रा में फर्जी दस्तावेज और उपकरण बरामद किए गए हैं. इस संबंध में जियापोखर थाना में (कांड संख्या 14/25) मामला दर्ज किया गया है. गिरोह में संलिप्त अन्य आरोपी के विरूद्ध छापामारी की जा रही हैं.
