Patna: सीमांचल के बेरोजगार युवाओं को विदेश में अच्छी नौकरी दिलाने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने और उन्हें खतरनाक ‘डंकी रूट’ के जरिए विदेशों में बंधक बनाकर प्रताड़ित करने वाले कुख्यात रैकेट का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. किशनगंज पुलिस ने एसटीएफ के सहयोग से इस गिरोह के मुख्य सरगना हाजी नाहिद गनी और उसके सहयोगी मो० तवरेज को पटना से गिरफ्तार कर लिया है.

किशनगंज एसपी संतोष कुमार के निर्देशन में गठित विशेष टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई है. पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी ‘HAJI NAHID GANI PRIVATE LIMITED’ और ‘TAIBA INTERNATIONAL TOUR & TRAVELS’ नामक कंपनियों के जरिए हजारों युवाओं को अपना शिकार बना चुके हैं.

डंकी रूट और पाकिस्तानी एजेंट का कनेक्शन

जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी मलेशिया में बैठे एक पाकिस्तानी एजेंट के साथ मिलकर काम करते थे. वे युवाओं को कानूनी प्रक्रिया से अलग ‘डंकी रूट’ जैसे खतरनाक रास्तों से मलेशिया और अन्य देशों में अवैध रूप से प्रवेश कराते थे. विदेश पहुंचने के बाद युवाओं के पासपोर्ट व दस्तावेज रख लिए जाते थे और उनसे तय काम की बजाय जबरन बंधुआ मजदूरी कराई जाती थी. विरोध करने पर पीड़ितों से मोटी रकम की मांग की जाती थी.

आधे दर्जन से अधिक मामले दर्ज

किशनगंज और पूर्णिया जिलों में आरोपी हाजी नाहिद गनी के खिलाफ फर्जी तरीके से विदेश भेजने और ठगी के आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं. बहादुरगंज, कोचाधामन और विशनपुर थानों में दर्ज मामलों के आधार पर पुलिस लगातार इनके अन्य साथियों और आपराधिक संपत्तियों की जांच कर रही है. पुलिस ने अपील की है कि यदि कोई अन्य व्यक्ति भी इस तरह की ठगी का शिकार हुआ है, तो वह तुरंत संबंधित थाने या साइबर हेल्पलाइन (1930) पर संपर्क करे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed