Patna: राज्य के सभी 101 बुनियाद केंद्रों में एक माह तक निशुल्क नेत्र जांच होगी। इस दौरान एक लाख चश्मे वितरित किए जाएंगे. बिहार में दृष्टि दोष से उत्पन्न समस्याओं एवं अंधेपन की रोकथाम के उद्देश्य से राज्य सरकार ने यह पहल की है. अभियान तीन चरणों में संचालित होगा और सभी उम्र के व्यक्ति को इसका लाभ मिलेगा.

पहले चरण में 23 मार्च से 22 बुनियाद केंद्रों पर जांच शुरू की गई है. इनमें अबतक 883 लोगों का नेत्र जांच किया गया और जरुरत के अनुसार 722 लोगो को चश्मा निर्धारित किया गया है. चश्मा वितरण की प्रक्रिया जांच होने के 15 दिनों बाद दी जाएगी. दूसरे चरण में 30 मार्च से 25 केंद्रों पर और अंतिम चरण में शेष बचे सभी बुनियाद केंद्रों पर जांच होगी.। जांच की प्रक्रिया प्रत्येक चरणों में एक महीने के लिए आयोजित की जा रही है.

राज्य स्वास्थ्य समिति में सूचीबद्ध एजेंसियों के माध्यम से आंखों की स्क्रीनिंग की जाएगी. समाज कल्याण और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में होने वाली जांच का शुभारंभ बीते सोमवार को हुआ था.

समाज कल्याण सचिव ने सभी 101 बुनियाद केंद्रों को एक माह में न्यूनतम हजार-हजार चश्मे वितरित करने का लक्ष्य दिया. ज्ञात हो कि ‘सक्षम’ की ओर से बुनियाद केंद्रों के माध्यम से “उज्ज्वल दृष्टि” योजना का क्रियान्वयन किया जा रहा है. वित्तीय वर्ष 2024-25 में अब तक 89,695 चश्मों का निशुल्क वितरण हुआ है.

टोल-फ्री नंबर 18003456262 पर मिलेगी जानकारी

इस अभियान को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए ‘सक्षम’ ने टोल-फ्री नंबर 18003456262 जारी किया है. दृष्टि दोष से ग्रसित कोई भी व्यक्ति या उनके परिजन इस नंबर पर कॉल करके नजदीकी बुनियाद केंद्र और शिविर की तिथि की जानकारी ले सकते हैं.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed