Ranchi: गैंगस्टर प्रिन्स खान के गुर्गों का हजारीबाग पुलिस ने खेल बिगाड़ दिया. KSS कुबेर गिरोह के 5 शूटरों को पुलिस ने अलग-अलग जगहों से दबोच लिया. बड़कागांव में तो मुठभेड़ भी हो गई. पुलिस की गोली से 1 अपराधी घायल हुआ, बाकी भागते-भागते पकड़े गए. गिरोह के निशाने पर हजारीबाग के कोयला कारोबारी और ट्रांसपोर्टर थे. ये लोग रंगदारी मांगने और ड्राइवरों पर फायरिंग करने आए थे. गिरफ्तार आरोपी में पेलावल थाना क्षेत्र के आजादनगर के रहने वाले मुठभेड़ में जख्मी सैयद मोहम्मद जीशान, मो. शमशाद उर्फ साहिल, लोहसिंघगा थाना क्षेत्र के अल्फलाह कॉलोनी के रहने वाले  वकास हैदर, बोकारो जिले के चास थाना क्षेत्र के अरुण कुमार सिंह और रौशन मालाकार का नाम शामिल है. आरोपी के निशानदेही पर एक देशी पिस्टल,  दो देशी कट्टा, ती गोली, .303 का 20 गोली और 5 मोबाइल पुलिस ने बरामद किया है. पूछताछ में मुठभेड़ में जख्मी जीशान ने बताया कि प्रिंस खान के कहने पर हजारीबाग जेल में बंद कुबेर उर्फ अमन कुमार सिंह, नितिश वत्स एवं सागर सिंह के द्वारा बड़कागांव कोयला खन क्षेत्रों में लेवी वसूलने के उद्देश्य से भय व दहशत का माहौल पैदा करने के लिए हाइवा गाड़ी में फायर करने के लिए इनको भेजा गया था. इस संबंध में बड़कागांव थाना (कांड सं0-134/26) में मामला दर्ज किया गया है. घायल अपराधी पुलिस सुरक्षा में सदर अस्पताल में इलाजरत है. अरुण कुमार सिंह का अपराधिक इतिहास रहा है. आरोपी के विरुद्ध आठ मामले दर्ज है. जबकि जिशान के विरुद्ध भी एक मामला पूर्व से दर्ज है.

लोहरसिंगा से शुरू हुआ खुलासा

मामले की जानकारी देते हुए हजारीबाग एसपी ने बताया कि 29 जुलाई को पुलिस को सूचना मिली कि लोहसिंगना थाना क्षेत्र में प्रिन्स खान के गुर्गे “KSS शांति सेना” का विस्तार कर नए-पुराने अपराधियों को अपने संगठन में जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं. सुचना पर बड़कागांव एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी का गठऩ किया गया. एसआईटी की टीम गदोखर मोड़ पहुंचकर आजादनगर स्थित साहिल के घर छापेमारी किया गया. इस दौरान संदिग्ध पुलिस को देखकर भागते हुए मोबाईल छुपाने का प्रयास किया. हालांकि पुलिस संदिग्ध मो. शमशाद उर्फ साहिल को दबोच लिया. शमशाद के निशानदेही पर वकास हैदर को मंडई, कोलघटी से गिरफ्तार किया गया. पकड़े गए अपराधी के पास से मार्क .303 का 20 गोली बरामद किया गया. इस संबंध में लोहसिंघना थाना (कांड सं0-99/26) में मामला दर्ज किया गया. पकड़े गए दोनों अपराधियों की निशानदेही पर अरुण कुमार सिंह एवं रौशन मालाकार को आवश्यक पूछताछ के लिए चरही थाना लाया गया. कड़ाई से पूछताछ करने पर इनके द्वारा रेलवे साईडिंग चरही के पास से एक देशी कट्टा और 2 गोली बरामद किया गया. इस संबंध में चरही थाना (कांड सं0-62/26) में अलग से मामला दर्ज किया गया है.

बड़कागांव में हुई मुठभेड़

पकड़े गए चारो अपराधियों ने पुलिस को बताया कि प्रिंस खान के द्वारा संचालित अपराधिक संगठन कोयलांचल शांति सेना (KSS) कुबेर उर्फ अमन कुमार सिंह के नेतृत्व में संगठन का विस्तार हजारीबाग क्षेत्र में पड़ने वाले कोयला खनन क्षेत्रों में किया जा रहा है. इसी क्रम में प्रिंस खान के गिरोह के सदस्यों द्वारा लेवी वसूलने के उद्देश्य से कोयला खन क्षेत्रों में भय का माहौल पैदा करने के लिए बड़कागांव थाना क्षेत्र के कोयला खनन क्षेत्र के ग्राम-आराहरा, 13 माईल, टी०पी०-5 में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने वाले हैं. इसके बाद गुरुवार अहले सुबह 4:00 बजे के आसपास ग्राम-आराहरा, 13 माईल, टी०पी०-5 में नाकाबंदी कर सघन जांच अभियान शुरू किया गया. जांच के क्रम में बुढ़ना घाटी पुलिया के समीप पहुंचकर छापामारी दल द्वारा चारों ओर से घेराबंदी की गई. इसी दौरान कुछ संदिग्ध व्यक्ति छापामारी दल को देखकर भागने लगे. भागने के क्रम में एक व्यक्ति द्वारा छापामारी दल को लक्षित करते हुए लगातार 06-07 राउण्ड गोली फायर किया गया. आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई में फायरिंग की गई, जिसमें सैयद मोहम्मद जीशान के दाहिने पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया. उसके पास से 1 देशी पिस्टल एवं मैगजीन में लोडेड 1 गोली बरामद किया गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *