Ranchi: आधा दर्जन हथियार के साथ गढ़वा के रुप अलंकार ज्वेलर्स लूटने जा रहे कुख्यात अपराधी धीरज मिश्रा का 8 गुर्गा टंडवा चौक पर पुलिस दबोच लिया है. गिरफ्तार अपराधी में गढ़वा थाना क्षेत्र के नगवों मोहल्ला निवासी अजीत कुमार उर्फ छोटू, नगया मोहल्ला निवासी रितिक नौरंग, पलामू जिले के शहर थाना क्षेत्र के भठी मोहल्ला के रहने वाले आनन्द कुमार रवि, अनुराग कुमार, राजा कुमार, सदर थाना क्षेत्र के पोखराहा खुर्द निवासी दीपक कुमार मांझी उर्फ दीपक कुमार पासवान, पाटन थाना क्षेत्र के करकला निवासी सरोज कुमार और सुठा निवासी बबी कुमार राम का नाम शामिल है. अपराधियों के पास से 6 देशी कट्टा, 10 गोली, 2 चाकू, 8 मोबाइल, थैला, दो बाईक, एक स्कूटी और 15000 रुपया नगद पुलिस ने बरामद किया है.
घटना की जानकारी देते हुए एसडीपीओ ने बताया कि एसपी को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि ज्वेलरी शॉप एवं बैंक लूट करने वाला बिहार-झारखण्ड का दुर्दात अपराधी संगठित गिरोह का सरगना धीरज मिश्रा गिरोह का एक सक्रिय सदस्य अजीत कुमार उर्फ छोटू अपने सहयोगियों के साथ किसी ज्वेलरी शॉप में डकैती करने गढ़वा आ रहा है. सूचना पर एक छापामारी दल का गठन किया गया. एक टीम को बाजार में स्वर्ण दुकान के आस पास निगरानी रखने के लिये तैनात किया गया. अऩ्य छापामारी टीम को अलग अलग स्थानों पर लगाया गया. एक टीम को टंडवा चौक के पास सादे लिबास में लगाया गया. इसी दौरान दो बाईक एवं एक स्कूटी पर सवार 8 संदिग्ध डालटेनगंज से टंडवा चौक की ओर आते हुए दिखा. इनको बैरिकेट लगाकर रोकने का प्रयास किया गया तो गाड़ी घुमाकर भागने का प्रयास किया. हालांकि सभी को घेराबंदी कर दबोच लिया गया. पूछताछ में पकड़े गये आरोपी ने पुलिस को बताया कि हमलोग रुप अलंकार ज्वेलर्स को लूटने जा रहे थे. आरोपी के पास से 6 देशी कट्टा, 10 गोली, 2 चाकु समेत अन्य समान बरामद किया गया. पूछताछ के दौरान ही आरोपी ने बताया कि इनके तीन अन्य साथी तिलदाक चौक के पास चार पहिया वाहन से आए है. इनमें धीरज मिश्रा भी है. छापामारी टीम तिलदाग चौक पर पहुंची, लेकिन तीनों वहाँ से फरार हो गया.
