Ranchi: जामताड़ा पुलिस को साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपी को गिरफ्तार किया है. एसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर करमाटांड़ थाना क्षेत्र के सुंदरजोरी गांव में पुलिस की विशेष टीम ने छापेमारी कर 02 शातिर साइबर अपराधियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी में गौतम कुमार मंडल और सोनू कुमार मंडल का नाम शामिल है. दोनो करमाटांड़ थाना क्षेत्र के सुंदरजोरी का रहने वाला है. अपराधियों के पास से 04 मोबाइल फोन और 03 चालू सिम कार्ड जब्त किए गए हैं. डीएसपी साइबर अपराध के नेतृत्व में बनी छापेमारी टीम ने सुंदरजोरी स्थित सोनू कुमार मंडल के घर पर अचानक दबिश दी. इस कार्रवाई में पुलिस ने मौके से दो युवकों को गिरफ्तार किया. इस पूरे मामले में साइबर अपराध थाना (कांड संख्या 60/26) में मामला दर्ज किया गया है.

व्हाट्सएप पर फर्जी ‘RTO ई-चालान’ APK भेजकर करते थे ठगी

मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी बेहद शातिराना अंदाज में ठगी का धंधा चला रहे थे. आरोपी लोगों के व्हाट्सएप नंबर पर ‘RTO E-CHALLAN’ का APK FILE INSTALL करने का मैसेज भेजते थे. जैसे ही कोई पीड़ित उस संदिग्ध APK फाइल को अपने मोबाइल में डाउनलोड करता, आरोपी उसकी पूरी गोपनीय जानकारी चुरा लेते थे और उसके बाद ई-वॉलेट (E-Wallet) के माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों में लोगों से मोटी रकम ऐंठ लेते थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *