Ranchi: पुलिस केंद्र गढ़वा के परेड ग्राउंड में तीन दिवसीय पलामू क्षेत्रीय पुलिस खेल-कूद प्रतियोगिता-2026 का गुरुवार को रंगारंग समापन हुआ. मुख्य अतिथि पलामू रेंज के डीआईजी कौशल किशोर ने विजेताओं को मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया. प्रतियोगिता में गढ़वा जिला पुलिस की टीम ओवरऑल अव्वल रही, जबकि पलामू की टीम द्वितीय और लातेहार की टीम तृतीय स्थान पर रही. अपने संबोधन में डीआईजी कौशल किशोर ने सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया. उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के दौरान पुलिसकर्मियों ने आपसी समन्वय, भाईचारा और कुशल नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया है. कार्यक्रम के अंत में उन्होंने विजेताओं को पुरस्कृत किया और प्रतियोगिता के समापन की आधिकारिक घोषणा की. साथ ही अगले साल होने वाली प्रतियोगिता के आयोजन के लिए एसपी पलामू को प्रतियोगिता का ध्वज सौंपा. संगठन सचिव सह एसपी गढ़वा आशुतोष शेखर ने समापन अभिभाषण दिया. डीएसपी मुख्यालय गढ़वा यशोधरा ने सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापन किया. गढ़वा पुलिस की टीम के चैंपियन बनने से जिले के पुलिसकर्मियों में उत्साह का माहौल है. इस आयोजन ने पलामू प्रमंडल के पुलिस बल में खेल भावना और आपसी एकजुटता को और मजबूत किया है.

10 जून से चल रही थी प्रतियोगिता

10 जून से 12 जून तक आयोजित इस प्रतियोगिता में कुल 10 खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया गया. पलामू प्रमंडल के तीनों जिलों गढ़वा, पलामू और लातेहार के 300 पुलिसकर्मियों ने अपने-अपने जिले का प्रतिनिधित्व किया. खिलाड़ियों ने पूरे जोश के साथ आपसी समन्वय और भाईचारे की मिसाल पेश की.

समापन समारोह में ये रहे मौजूद

समापन कार्यक्रम में डीआईजी कौशल किशोर के साथ उपायुक्त गढ़वा पशुपतिनाथ मिश्रा, एसपी गढ़वा-सह-संगठन सचिव आशुतोष शेखर, एसपी लातेहार कुमार गौरव, एसपी पलामू कपिल चौधरी, कमांडेंड 172 BN CRPF नृपेंद्र कुमार सिंह, वन प्रमंडल पदाधिकारी उत्तरी एवं दक्षिणी गढ़वा, तीनों जिलों के प्रतिभागी पुलिसकर्मी, स्थानीय लोग और मीडियाकर्मी मौजूद रहे.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed