Ranchi: चाइबासा जिले के टोन्टो थाना क्षेत्र स्थित जंगल में सुरक्षाबलों को विस्फोटक डंप मिला है. नक्सलियों की विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में मिले सूचना पर यह सफलता मिली है. अभियान के क्रम में नक्सली संगठन के द्वारा टोन्टो थाना क्षेत्र स्थित जंगल में हथियार, गोला-बारूद छुपाकर रखने की सूचना मिली थी. इसी सूचना पर शुक्रवार को टोन्टो थाना क्षेत्र के वनग्राम लुईया, बामईबासा, गौबुरू के जंगल में सर्च अभियान चलाया गया. सर्च अभियान केदौरान बामईबासा और गौबुरू के जंगल में एक पुराने नक्सल डम्प मिला. जिसे सुरक्षा बलों ने ध्वस्त कर दिया. इस डंप से जिलेटिन का छड़, डेटोनेटर, फ्यूज, अर्ध तरल विस्फोटक, कॉडेक्स के साथ केन आईईडी, लोहे का छड़, पाइप, तार, बैटरी व अन्य दैनिक उपयोग का सामान बरामद किया गया. बरामद विस्फोटक सामग्री को भी सुरक्षा के दृष्टिकोण से मौके पर बम निरोधक दस्ता की मदद से नष्ट किया गया.
