Patna: फल्गु नदी से अवैध बालू उठाने के पुराने विवाद को लेकर जहानाबाद के घोसी थाना क्षेत्र में खूनी खेल हुआ. शुक्रवार को करीब 11:20 बजे चौतीपीपर गांव में हथियारबंद अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी. इसमें 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस ने मुख्य आरोपी विष्णु शर्मा उर्फ विष्णु डॉन को मौके से ही दबोच लिया.
क्या है मामला
वादिनी के अनुसार वो अपने घर के बाहर बैठी थीं. तभी ग्राम गिंजी निवासी विष्णु शर्मा उर्फ विष्णु डॉन अपने 10 नामजद साथियों और करीब 20 अज्ञात हथियारबंद अपराधियों के साथ वहां पहुंचा. फल्गु नदी से बालू उत्खनन के आपसी विवाद को लेकर इन लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की नीयत से अंधाधुंध गोलीबारी कर दी. इस फायरिंग में पीड़ित पक्ष के 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पुलिस ने मौके पर दबोचा डॉन को
घटना की सूचना डायल 112 और घोसी थाने को मिली. पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस बल को देख सभी हमलावर भागने लगे. स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से मुख्य आरोपी विष्णु डॉन को पुलिस ने मौके पर ही हिरासत में ले लिया. उसके पास से 2 बाईक भी जप्त की गई. घटनास्थल से फायरिंग किए गए खोखे बरामद किए गए हैं. घोसी थाना द्वारा इस मामले में (कांड सं0 337/26) प्राथमिकी दर्ज की गई है. मामले में संलिप्त अन्य 10 नामजद आरोपियों और अज्ञात हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन कर सघन छापेमारी की जा रही है.
