Patna: मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में बुधवार, 25 नवंबर 2026 को हुई बिहार मंत्रिपरिषद् की बैठक में विकास, रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग और आधारभूत संरचना से जुड़े कुल 34 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई. बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए. ग्राम कचहरी के प्रशासनिक खर्च की राशि 4 हजार से बढ़ाकर 24 हजार रुपये सालाना करने, तीन जिलों में औद्योगिक क्षेत्र के विस्तार के लिए करीब 1294 एकड़ जमीन अधिग्रहित करने और पटना जलापूर्ति परियोजना के लिए 1794 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति देने का निर्णय लिया गया. वहीं, लंबे समय से अनधिकृत रूप से अनुपस्थित 10 चिकित्सकों को सरकारी सेवा से बर्खास्त करने के प्रस्ताव पर भी मुहर लगी.
ग्राम कचहरी को अब छह गुना अधिक राशि
पंचायती राज विभाग के प्रस्ताव पर राज्य की प्रत्येक ग्राम कचहरी को मिलने वाली वार्षिक प्रशासनिक राशि में बड़ा इजाफा किया गया है. अभी तक ग्राम कचहरी को सालाना 4 हजार रुपये मिलते थे, जिसे 1 अप्रैल 2027 से बढ़ाकर 24 हजार रुपये कर दिया जाएगा. इससे ग्राम कचहरियों के प्रशासनिक कार्यों के संचालन में सहूलियत होगी.
तीन जिलों में 1294 एकड़ जमीन पर विकसित होंगे औद्योगिक क्षेत्र
औद्योगिक विकास को गति देने के लिए नालंदा, समस्तीपुर और शेखपुरा में बड़े पैमाने पर भूमि अधिग्रहण को मंजूरी दी गई है. नालंदा जिले के इस्लामपुर अंचल के ब्रहगांवा मौजा में 564.37 एकड़ जमीन के अधिग्रहण के लिए 382.23 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं. समस्तीपुर जिले के खानपुर अंचल के तीन मौजों में कुल 480 एकड़ जमीन के अधिग्रहण के लिए 261.91 करोड़ रुपये की मंजूरी मिली है. शेखपुरा जिले के चेवाड़ा अंचल के हंसापुर, अस्थावां और बेंगुचा मौजे में कुल 250 एकड़ जमीन के अधिग्रहण के लिए 62.37 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं. इन तीनों जिलों में कुल 1294.37 एकड़ भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया आधारभूत संरचना विकास प्राधिकार के माध्यम से पूरी की जाएगी.
पिछड़ा-अति पिछड़ा वर्ग के लिए 38 जिलों में हाइब्रिड कोचिंग
पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है. राज्य के सभी 38 जिलों में एक-एक प्राक् परीक्षा प्रशिक्षण केंद्र संचालित किया जाएगा. इन केंद्रों में यूपीएससी, बीपीएससी, एसएससी, बैंकिंग और रेलवे सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी कराई जाएगी. पहले से संचालित ऑफलाइन व्यवस्था के स्थान पर अब हाइब्रिड मोड यानी ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पढ़ाई होगी. इसके लिए प्रतिवर्ष करीब 31.97 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.
इसी विभाग में योजनाओं के प्रभावी संचालन के लिए कनीय सचिवालय सहायक के आठ और वरीय सचिवालय सहायक के नौ सहित कुल 17 पद सृजित किए जाएंगे. इसके लिए सालाना करीब 90.89 लाख रुपये के व्यय को मंजूरी मिली है. विभाग के लिपिकीय संवर्ग के लिए नई सेवा शर्त नियमावली बनाने को भी स्वीकृति दी गई है.
एससी-एसटी कल्याण विभाग में 17 नए पद
अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के अंतर्गत प्रखंड अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण पदाधिकारी के 17 पदों के सृजन और उससे संबंधित आवर्ती खर्च को मंजूरी दी गई है.
खाद्य प्रसंस्करण और खेल संघों को मिलेगा प्रोत्साहन
प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना की अवधि केंद्र सरकार द्वारा 1 अक्टूबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक बढ़ाए जाने के बाद बिहार में इसके संचालन के लिए 164.516 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है. वहीं, राज्य खेल संघ अनुदान मार्गदर्शिका-2026 को लागू करने का निर्णय लिया गया है. इसके तहत पात्रता और निर्धारित वित्तीय सीमा के अनुरूप राज्य के खेल संघों को प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए प्रत्येक वित्तीय वर्ष में अधिकतम 10 करोड़ रुपये तक अनुदान दिया जा सकेगा.
सोन नदी के पानी से औरंगाबाद, डेहरी और सासाराम को मिलेगा पेयजल
जल संसाधन विभाग के प्रस्ताव पर औरंगाबाद एवं रोहतास जिले के औरंगाबाद, डेहरी और सासाराम क्षेत्रों में सोन नदी के सतही जल का उपयोग कर पेयजल उपलब्ध कराने की योजना की पुनरीक्षित प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है. इसके लिए संशोधित प्राक्कलित राशि 2014.65 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है.
पटना जलापूर्ति परियोजना के लिए 1794 करोड़
नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रस्ताव पर केंद्र प्रायोजित अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत पटना जलापूर्ति परियोजना के लिए 1794.32 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है. इससे राजधानी में जलापूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने की योजना को गति मिलेगी.
11 डॉक्टरों की सेवा समाप्त करने पर मुहर
स्वास्थ्य विभाग के प्रस्ताव पर लगातार लंबे समय से अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने वाले 11 चिकित्सकों को सरकारी सेवा से बर्खास्त करने की स्वीकृति दी गई है. इनमें सहरसा, सुपौल, भागलपुर, बांका, मधेपुरा और अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में पदस्थापित चिकित्सक शामिल हैं. इनमें सामान्य चिकित्सा पदाधिकारी, ईएनटी विशेषज्ञ, स्त्री रोग विशेषज्ञ, दंत चिकित्सक, शिशु रोग विशेषज्ञ और मूर्च्छक चिकित्सक शामिल हैं. संबंधित चिकित्सक वर्ष 2018 से 2021 के बीच अलग-अलग तिथियों से लगातार अनुपस्थित बताए गए हैं.
IGIMS में क्रिटिकल केयर के लिए 64 पद
इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS), पटना में क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग के लिए 64 शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक पदों के सृजन को मंजूरी दी गई है. इसके अतिरिक्त स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट में सीनियर टेक्निकल ऑफिसर (रेडियोथेरेपी) के दो और चीफ टेक्निकल ऑफिसर (रेडियोथेरेपी) के दो पद सृजित किए जाएंगे. स्वास्थ्य विभाग में मेडिकल फिजिसिस्ट-सह-रेडिएशन सेफ्टी ऑफिसर सेवा और प्रोस्थेटिस्ट एवं आर्थोटिस्ट संवर्ग के लिए नई नियमावलियों के गठन को भी मंजूरी मिली है.
एसटीएफ मुख्यालय भवन की स्वीकृति अवधि बढ़ी
गृह विभाग के प्रस्ताव पर पटना के लोदीपुर में विशेष कार्य बल (एसटीएफ) के मुख्यालय भवन निर्माण के लिए पहले से दी गई प्रशासनिक स्वीकृति की अवधि एक वर्ष बढ़ाने का निर्णय लिया गया है.
बिहार है तैयार अभियान के प्रचार पर खर्च होंगे 1.23 करोड़
बिहार फाउंडेशन के माध्यम से ‘बिहार है तैयार’ अभियान और बिहार बिजनेस कनेक्ट-2027 के प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी एम/एस रेडिफ्यूजन को देने की स्वीकृति दी गई है. इसके लिए तीन महीने की अवधि यानी 1 दिसंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक कुल 1.23 करोड़ रुपये प्रोफेशनल फीस और जीएसटी का भुगतान किया जाएगा.
बिहार संग्रहालय के सामने बनेगा आइकॉनिक ट्रेड सेंटर
पटना में बिहार संग्रहालय के सामने नेहरू पथ और मैगल्स रोड स्थित भूखंड को आइकॉनिक ट्रेड सेंटर, वाणिज्यिक भवन, कार्यालय भवन अथवा आवासीय भवन के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया है. इस परियोजना के लिए एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड, नई दिल्ली का चयन करने और उसके साथ एमओयू करने की स्वीकृति दी गई है.
मधेपुर-तुमरिया-अंधराठाढ़ी सड़क के चौड़ीकरण को मंजूरी
पथ निर्माण विभाग के प्रस्ताव पर मधेपुर-तुमरिया-अंधराठाढ़ी-रामपुर-भूपट्टी सड़क के 39.210 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण को मंजूरी मिली है. इस परियोजना पर 192.94 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.
बिहार आर्थिक सलाहकार परिषद का होगा गठन
राज्य की आर्थिक नीतियों और विकास संबंधी विषयों पर सलाह देने के लिए बिहार आर्थिक सलाहकार परिषद के गठन को भी मंत्रिपरिषद ने मंजूरी दी है.
अन्य महत्वपूर्ण निर्णय
– बिहार खनिज (समानुदान, अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण निवारण) तृतीय संशोधन नियमावली, 2026 को मंजूरी.
– किशनगंज जिले के ठाकुरगंज अंचल में 11.884 डी० गैरमजरूआ खास सरकारी भूमि एसएसबी की 19वीं और 41वीं वाहिनी के वॉच टावर निर्माण के लिए गृह मंत्रालय को स्थायी रूप से हस्तांतरित करने की स्वीकृति. इसके लिए 4,38,063 रुपये भुगतान किया जाएगा.
– बिहार राज्य के ग्राम कचहरियों की प्रशासनिक राशि में बढ़ोतरी.
– पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के लिए नई लिपिकीय संवर्ग नियमावली.
– झंझारपुर क्षेत्र की सड़क परियोजना को प्रशासनिक स्वीकृति.
