Patna: नालंदा में पुलिस ने अवैध हथियारों के निर्माण के खिलाफ एक बहुत बड़ी सफलता हासिल की है. बिहार एसटीएफ, जिला आसूचना इकाई और इस्लामपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक अवैध मिनी गन फैक्ट्री का सफल उद्भेदन किया है. इस मामले में पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में अर्धनिर्मित आग्नेयास्त्र और हथियार बनाने के कई आधुनिक उपकरण बरामद करते हुए मुख्य आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी रमण विश्वकर्मा इस्लामपुर थाना क्षेत्र के सुहावनपुर सुढ़ी का रहने वाला है.
कारखाने की आड़ में खेल
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को इस्लामपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सुहावनपुर सुढ़ी में अवैध हथियार बनाए जाने की सटीक गुप्त सूचना मिली थी. सूचना के आलोक में इस्लामपुर थाना के गश्ती दल, विशेष छापेमारी दल, एसटीएफ और डीआईयू की संयुक्त टीम ने मिलकर कार्रवाई की. टीम ने स्थानीय निवासी रमण विश्वकर्मा के मकान पर धावा बोला. मौके पर से 1 पीस देशी कट्टा, 2 पीस कट्टा बनाने वाली स्प्रिंग, 4 पीस ड्रिल मशीन, 2 पीस ग्राइंडर मशीन, 2 पीस बेंच मशीन, 1 पीस आर्क वेल्डिंग मशीन, हैमर 20 किलोग्राम का बाट, भट्टी में हवा देने वाली पंखी मशीन, कटर मशीन, जनरेटर और मोबाइल पुलिस ने बरामद किया है. वही आरोपी को गिरफ्तार किया गया. आरोपी अपने घर में लोहे का गेट एवं खिड़की बनाने का कारखाना चलाता था. इसी कारखाने की आड़ में वह काफी समय से अवैध रूप से आग्नेयास्त्र बनाने का काम कर रहा था. इस संबंध में इस्लामपुर थाना (कांड संख्या- 348/26) में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस आगे के अनुसंधान और यह पता लगाने में जुटी है कि इन हथियारों की सप्लाई कहाँ-कहाँ की जा रही थी.
