Ranchi: चोरी के दौरान चक्की मिल में हत्या की वारदात को अंजाम देने में शामिल आऱोपी को रामगढ़ जिले के माण्डू थाना पुलिस ने हथियार के साथ गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी अभिषेक कुमार उर्फ अभिषेक पासवान माण्डू थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर कोषमाण्डू टोला कुज्जू में रहता है. मूलरुप से बिहार के आरा जिले के धोबाहा थाना क्षेत्र के सलेमपुर निवासी आरोपी के पास से एक देशी पिस्टल और 7.65 एमएम का 4 गोली पुलिस ने बरामद किया है.

मामले की जानकारी देते हुए रामगढ़ एसपी ने बताया कि 21 मई 2025 की रात सुधीर यादव के द्वारा अज्ञात चोरों के विरूद्ध इनके पिता दानी यादव का मुँह दबा कर हत्या करने तथा उनके चक्की मिल सह घर से नगद रूपयों की चोरी कर लेने के आरोप में माण्डू थाना (कुज्जू कांड संख्या-128/25) में मामला दर्ज किया गया था. माण्डू थाना (कुज्जू काण्ड सं0-04/26) में पकड़े गए आरोपी नकुल कुमार चौहान उर्फ बिजली से पूछताछ करने पर उसके द्वारा माण्डू थाना (कुज्जू कांड संख्या-128/25) में मृतक दानी की हत्या एवं उसके चक्की मिल से नगद रूपयों की चोरी में अपने सहयोगियों के साथ घटना को अंजाम देने की बात को स्वीकार किया.

माण्डू थाना (कुज्जू कांड संख्या-128/25) में दर्ज मामले में शामिल आरोपी को पकड़ने के लिए एसडीपीओ के नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन किया गया. गठित एसआईटी अनुसंधान के क्रम में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर छापामारी में जुट गई. इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर अभिषेक कुमार उर्फ अभिषेक पासवान को कोषमाण्डू टोला कुज्जू से पकड़ा गया. पुछताछ करने पर दानी यादव की हत्या एवं चोरी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार किया. अभिषेक कुमार उर्फ अभिषेक पासवान के अपराध स्वीकारोक्ति बयान एवं उसके निशानदेही पर मृतक दानी यादव की हत्या करने के उद्देश्य से चलाये गए हथियार को बरामद किया गया. अभिषेक कुमार का अपराधिक इतिहास रहा है. आरोपी के विरुद्ध चार मामला पूर्व से दर्ज है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed