Ranchi: गढ़वा जिले के नगर ऊंटारी थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर भगाने और उसका यौन शोषण करने के आरोप में पुलिस ने 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान अहिरपुरवा निवासी सूरज कुमार (19 वर्ष), पिता स्व. गौरी राम के रूप में हुई है.
पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर की रात करीब दो बजे वादी की 14 वर्षीय पुत्री घर से लापता हो गई थी. परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. इस दौरान लड़की के बैग से मिले मोबाइल नंबर पर संपर्क किया गया तो सूरज कुमार ने लड़की के अपने साथ होने की बात स्वीकार की. 23 नवंबर को आरोपी और नाबालिग दोनों वापस लौटे. इस दौरान पीड़िता ने आरोपी के साथ शादी कर पति-पत्नी के रूप में रहने की बात बताई. वहीं, परिजनों ने आरोप लगाया कि सूरज कुमार ने नाबालिग को शादी का प्रलोभन देकर भगाया और इस दौरान उसका यौन शोषण किया. वादी के लिखित आवेदन पर नगर ऊंटारी थाना (कांड संख्या 240/26) में मामला दर्ज किया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर ऊंटारी थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई. टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सूरज कुमार को गिरफ्तार कर लिया.
