Ranchi: : रानिया थाना क्षेत्र के तांबा जंगल के पास 15 जून को मिले राधेश्याम साहू के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है. इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. तीनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी में रनिया थाना क्षेत्र के किशुनपुर निवासी लक्ष्मी देवी, रविन्द्र मांझी और तपकारा थाना क्षेत्र के विरता निवासी संदीप मांझी का नाम शामिल है. आरोपी के निशानदेही पर घटनास्थल के पास से मृतक का स्कूटी, घटना के दिन आरोपी द्वारा पहना हुआ चप्पल और मृतक का मोबाईल समेत तीन मोबाइल पुलिस ने बरामद किया है.
घर के पास डंडे से पीटा, फिर गला दबाकर मारा
मामले की जानकारी देते हुए खूंटी एसपी ने बताया कि 15 जून को तांबा जंगल के पास राधेश्याम साहू का शव बरामद किया गया. इस संबंध में रानिया थाना (कांड संख्या-22/26) में मामला दर्ज किया गया. एसडीपीओ के नेतृत्व में टीम गठित की गई. जांच में पता चला कि मृतक राधेश्याम को उसके घर के पास ही डंडे से घायल किया गया. इसके बाद गला दबाकर हत्या कर दी गई. हत्या के बाद आरोपियों ने शव को मृतक की ही स्कूटी से ले जाकर तांबा जंगल के पास फेंक दिया और पहचान छिपाने के लिए चेहरे को पत्थर से कुचल दिया. हादसा दिखाने के लिए स्कूटी को शव के पास इस तरह रखा गया था कि लगे राधेश्याम साहू की मौत सड़क दुर्घटना में हुई है. तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ में आरोपियों ने जुर्म कबूल कर लिया. आरोपी के मोबाइल में मृतक का घटना के दिन का वीडियो/फोटो मिला है. साथ ही घटनास्थल से आरोपी द्वारा पहना गया चप्पल भी बरामद हुआ है. निशानदेही पर घायल करने में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया गया है.
