Patna: जदयू के पूर्व विधायक के विरुद्ध होलिका दहन में हथियार लेकर घूमने के आरोप मामला दर्ज किया गया है. सोशल मिडिया पर वायरल विडियों के आधार पर पूर्व विधायक गोपाल मंडल के विरुद्ध बरारी थाना में यह प्राथमिकी दर्ज की गई है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार भागलपुर एसएसपी के निर्देश पर सोशल मीडिया सहित विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफार्मों की सतत निगरानी की जा रही है. इसी क्रम में सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर प्रसारित एक वीडियो के माध्यम से यह संज्ञान में आया है कि पूर्व विधायक गोपाल मंडल होलिका दहन के अवसर पर एक सार्वजनिक स्थल पर अपने हाथ में पिस्तौल लेकर घूमते हुए दिखाई दे रहे हैं. उक्त वीडियो की प्रारंभिक जांच के दौरान यह प्रतीत हुआ है कि संबंधित व्यक्ति द्वारा सार्वजनिक रूप से आग्नेयास्त्र का प्रदर्शन किया गया है. घटना की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए कार्रवाई शुरु की गई. प्रथम दृष्टया यह कृत्य “Public Display of Arms” से संबंधित विधिक प्रावधानों का उल्लंघन प्रतीत हुआ. फलस्वरूप बरारी थाना में सुसंगत धाराओं के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है. साथ ही, संबंधित आग्नेयास्त्र के जप्तीकरण, लाइसेंस की वैधता की जांच तथा अन्य आवश्यक वैधानिक प्रक्रियाओं के अनुपालन के लिए जिला शस्त्र दंडाधिकारी भागलपुर को औपचारिक प्रतिवेदन प्रेषित किया गया है. मामले की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच की जा रही है. यह स्पष्ट किया जाता है कि किसी भी व्यक्ति को कानून से ऊपर नहीं माना जाएगा. विधि-व्यवस्था बनाए रखने एवं कानून के शासन को सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सभी कदम उठाए जा रहे हैं. भागलपुर पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी प्रकार के हथियार का सार्वजनिक प्रदर्शन न करें तथा विधि द्वारा निर्धारित प्रावधानों का पूर्णतः पालन करें.
