Patna: गोपालगंज जिले के नगर थाना क्षेत्र के साधु चौक के समीप मठिया रोड स्थित लाइफ लाइन स्कूल के बगल में एक फ्लैट से ज्वेलरी, नकदी और कीमती सामान चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है. चोरी की इस घटना को दो सगे भाइयों ने मिलकर अंजाम दिया था. पुलिस ने एक आरोपी दीपक पांडे उर्फ पल्लव को गिरफ्तार कर लिया है. उसकी निशानदेही पर चोरी के 19 तरह के सामान बरामद किए गए हैं. वहीं, मामले में शामिल उसका भाई आयुष पांडे उर्फ सोनू अभी फरार है.

छठ में घर खाली होने की मिली थी जानकारी

पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर को फ्लैट में चोरी की सूचना मिली थी. इस संबंध में 18 नवंबर को नगर थाना कांड संख्या 1120/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई. जांच में पता चला कि छठ पर्व के अवसर पर फ्लैट में रहने वाली महिला घर से बाहर गई हुई थी. इसी बात की जानकारी आरोपियों को थी. घर की देखभाल करने की बात कहकर दोनों भाइयों ने फ्लैट में चोरी की योजना बनाई.

ताला तोड़कर फ्लैट में घुसे दोनों भाई

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार दीपक पांडे ने बताया कि उसने अपने भाई आयुष पांडे उर्फ सोनू के साथ मिलकर चोरी की थी. योजना के अनुसार दोनों भाई बगल की गली से फ्लैट तक पहुंचे और ताला तोड़कर अंदर घुस गए. इसके बाद वहां रखे गहने, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर अपने बथान में छिपा दिया.

लैपटॉप और मोबाइल बेचने की भी की कोशिश

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी किए गए लैपटॉप और मोबाइल समेत कुछ सामानों को बेचने का प्रयास किया गया, लेकिन वे बिक नहीं सके. इसके बाद दोनों भाई चोरी का सामान बथान में रखकर बनारस चले गए. वापस लौटने पर उन्हें कुछ सामान वहां नहीं मिला.

सीसीटीवी फुटेज से हुई आरोपी की पहचान

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर सदर-1 एसडीपीओ, नगर थानाध्यक्ष और डीआईयू टीम को शामिल कर विशेष टीम गठित की गई. टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के साथ मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दीपक पांडे की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया. उसकी निशानदेही पर चोरी के सामान भी बरामद किए गए. पुलिस ने आरोपी के पास से छोटा लाल बैग, बजाज कंपनी का एक्सटेंशन तार, तीन पर्स, मोबाइल चार्जर, मसाज गन, मैग्नम बाइजिंग स्केल, इलेक्ट्रिक केटल, उषा कुक जॉय इंडक्शन, दो कीबोर्ड, स्पीकर, ब्लूटूथ, तौलिया, झोला, हाथ घड़ी, सोने जैसी एक सिकड़ी और परफ्यूम बरामद किया है. वहीं, फरार भाई आयुष पांडे उर्फ सोनू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed