Patna: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई लगातार जारी है. इसी क्रम में बुधवार को निगरानी की मुख्यालय टीम ने सीतामढ़ी में कार्रवाई करते हुए डुमरा थाना क्षेत्र के बाजीतपुर निवासी पिंटू कुमार को 5 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया. गिरफ्तारी डुमरा स्थित कोर्ट परिसर के समीप न्यू पंचमुखी होटल के पास से की गई. आरोपी पर एक मामले में नाम जोड़ने की धमकी देकर रिश्वत मांगने का आरोप है.
केस में नाम जोड़ने की धमकी देकर मांगी थी रिश्वत
निगरानी ब्यूरो के अनुसार, सीतामढ़ी के डुमरा थाना क्षेत्र के बाजीतपुर निवासी सोनू चन्द्रवंशी ने ब्यूरो के पटना कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में आरोप लगाया गया था कि डुमरा थाना कांड संख्या 450/26 में नाम जोड़ने की धमकी देकर मुकुन्द कुमार झा (पीएसआई) और पिंटू कुमार द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही है. शिकायत मिलने के बाद निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया. सत्यापन के दौरान पिंटू कुमार द्वारा रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण मिला. इसके बाद निगरानी थाना कांड संख्या 130/26, दिनांक 3 नवंबर 2026 दर्ज किया गया. मामले के अनुसंधानकर्ता पुलिस निरीक्षक मो. आरीज एहकाम के अनुरोध पर वरीय डीएसपी शिव कुमार साह के नेतृत्व में धावा दल का गठन किया गया. टीम ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए पिंटू कुमार को 5 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया.
