Ranchi: सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के इंद्रपुरी रोड नंबर-1 में मिथिलेश कुमार की गोली मारकर हत्या करने के मामले का रांची पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस हत्याकांड में संलिप्त छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी में धुर्वा थाना क्षेत्र के क्वार्टर नं0-DT-166, डायमंड फिल्ड धुर्वा के रहने वाले अभिषेक कुमार उर्फ लल्लु, क्वार्टर नं0 DT-31, शर्मा रोड, धुर्वा के रहने वाले विवेक कुमार उर्फ छोटु, अरगोड़ा थाना क्षेत्र के रामपथ नियर गोविन्द पैलेस आनन्दपुरी, हरमू के रहने वाले आयुष कुमार सिंह, आनन्दपुरी कॉलोनी, हरमू के रहने वाले नितिन गुप्ता, सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के न्यु मधुकम, नियर DAV स्वर्ण रेखा स्कूल के पास रहने वाले राहुल कुमार और न्यु विद्यानगर, नियर DPS स्कूल, हरमू के रहने वाले रोहित सिंह उर्फ देवा का नाम शामिल हैं. मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस ने आरोपियों के पास से 11 मोबाइल फोन बरामद किए हैं. इसके अलावा एक काले रंग की बिना रजिस्ट्रेशन नंबर वाली फॉर्च्यूनर कार, सफेद रंग की आई-20 कार (JH01DT8606), काले रंग की स्कूटी (JH01DQ9573) और घटनास्थल से मिला एक खोखा बरामद किया गया है. गिरफ्तार आयुष कुमार सिंह के खिलाफ लालपुर थाना में वर्ष 2023 में हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज है. इसके अलावा कोतवाली थाना में भी वर्ष 2023 का मामला दर्ज है, जिसमें आर्म्स एक्ट की धारा भी शामिल है. वहीं, नितिन गुप्ता के खिलाफ सुखदेवनगर थाना में वर्ष 2024 में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है. प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह 18 लाख रुपये के लेनदेन का विवाद सामने आया है. आरोप है कि उधार ली गई रकम वापस नहीं करने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था. इसी विवाद में अपराधियों ने मिथिलेश कुमार की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी.
घर के पास मारी थी गोली, रिम्स में हुई मौत
पुलिस के अनुसार, 18-19 नवंबर की रात सूचना मिली थी कि इंद्रपुरी रोड नंबर-1 में एक व्यक्ति को गोली मार दी गई है. सूचना मिलते ही पुलिस गश्ती दल और पीसीआर की टीम मौके पर पहुंची. वहां पता चला कि इंद्रपुरी रोड नंबर-1 निवासी मिथिलेश कुमार को उनके घर के पास अपराधियों ने सिर में गोली मार दी है. गंभीर हालत में उन्हें तत्काल रिम्स में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया.
18 लाख रुपये के लेनदेन में हत्या की आशंका
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर सिटी एसपी ने कोतवाली एएसपी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की. टीम ने तकनीकी अनुसंधान, प्राप्त आसूचना और अन्य स्रोतों से जानकारी जुटाकर मामले की जांच शुरू की. प्रारंभिक जांच में 18 लाख रुपये उधार लेकर वापस नहीं करने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद की बात सामने आई. इसी विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है. पुलिस ने अनुसंधान के दौरान घटना में संलिप्त छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
