Patna: बिहार के सारण जिले के मांझी स्थित ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व वाले रामघाट को पर्यटन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिहाज से विकसित किया गया है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को 8.20 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित रामघाट रिवर फ्रंट डेवलपमेंट परियोजना का लोकार्पण किया. इस दौरान उन्होंने अटल वाटिका का उद्घाटन और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया. मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब प्रत्येक वर्ष रामघाट पर अटल उत्सव मनाया जाएगा. साथ ही अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर यहां राजकीय समारोह आयोजित किया जाएगा.
8.20 करोड़ से संवरा रामघाट, दोनों तरफ के पुलों तक होगा विस्तार
मुख्यमंत्री ने रामघाट स्थित अटल द्वार, रिवर फ्रंट डेवलपमेंट परियोजना और अटल वाटिका का उद्घाटन किया. इस परियोजना को बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम (बुडको) ने 8 करोड़ 20 लाख रुपये से अधिक की लागत से विकसित किया है. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि रामघाट का विकास दोनों तरफ स्थित पुलों तक विस्तारित किया जाए, ताकि पूरे क्षेत्र को बेहतर स्वरूप दिया जा सके. उन्होंने यज्ञशाला और मां सरयू कैफे (दीदी की रसोई) का भी निरीक्षण किया.
अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर होगा राजकीय समारोह
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का नेतृत्व और उनका योगदान देश के लिए प्रेरणादायक रहा है. उन्होंने 32 राजनीतिक दलों को एकजुट कर एनडीए का गठन किया और तीन बार देश के प्रधानमंत्री बने. बिहार के विकास में भी उनका विशेष योगदान रहा. मुख्यमंत्री ने बताया कि अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में बिहार को विशेष पैकेज के तहत चार वर्षों तक प्रतिवर्ष 4,000 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए गए थे. उन्होंने घोषणा की कि उनकी जयंती पर रामघाट में राजकीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा और प्रत्येक वर्ष अटल उत्सव मनाया जाएगा.
सरयू नदी में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए तैनात होगी एसडीआरएफ टीम
मुख्यमंत्री ने कहा कि रामघाट का धार्मिक महत्व है. मान्यता है कि भगवान श्रीराम का इस स्थान पर आगमन हुआ था और उन्होंने सरयू नदी में स्नान किया था. छठ महापर्व से पहले घाट का लोकार्पण श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक होगा.। सरयू नदी में पानी का बहाव तेज रहने के कारण श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए यहां एसडीआरएफ की टीम प्रतिनियुक्त करने का निर्देश दिया गया है.
सिताब दियारा के लिए पीपा पुल की जगह बनेगा स्थायी पुल
मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से आरा से लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जन्मस्थली सिताब दियारा को जोड़ने के लिए पीपा पुल के स्थान पर स्थायी पुल निर्माण कराने का आग्रह किया गया है. इस कार्य को सुनिश्चित कराने का आश्वासन मिला है. इससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में स्थायी सुविधा मिल सकेगी.
एक करोड़ लोगों को राशन कार्ड, 22 हजार करोड़ की योजनाओं पर काम
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में एक करोड़ पात्र लोगों को राशन कार्ड उपलब्ध कराने का लक्ष्य है. अब तक करीब 24 लाख लोगों को राशन कार्ड दिया जा चुका है और 1,400 नई जन वितरण प्रणाली दुकानों की शुरुआत की गई है. शेष पात्र लोगों को भी इस योजना से जोड़ने का काम जारी है. उन्होंने बताया कि ग्रामीण विकास और आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए 22 हजार करोड़ रुपये की योजनाओं पर काम किया जा रहा है. इन योजनाओं को 31 मार्च से पहले शुरू करने का निर्देश दिया गया है.
पांच वर्षों में एक करोड़ लोगों को नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में नहीं जाना पड़े, इसके लिए उद्योगों की स्थापना पर जोर दिया जा रहा है. बंद पड़ी चीनी मिलों को फिर से चालू करने की योजना बनाई गई है. राज्य में एक करोड़ लोगों को सरकारी नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बिहार आगमन के दौरान पांच नई चीनी मिलों की शुरुआत की जाएगी.
स्कूलों में आधुनिक लैब, 3.50 लाख विद्यार्थियों को ऑनलाइन शिक्षा
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम से पहले दलन सिंह उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज में विकसित आधुनिक प्रयोगशालाओं का निरीक्षण किया. यहां स्पेस साइंस एंड इनोवेशन लैब, आईएसएम लैब, आईसीटी लैब, बायोलॉजी लैब, केमिस्ट्री लैब और लाइब्रेरी की सुविधाएं विकसित की गई हैं. उन्होंने लाइब्रेरी में कंप्यूटर लगाकर डिजिटल लाइब्रेरी की सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में 700 मॉडल स्कूल स्थापित किए गए हैं और करीब 3.50 लाख विद्यार्थियों को विद्यार्थी साथी ऐप के माध्यम से ऑनलाइन शिक्षा दी जा रही है.
125 यूनिट मुफ्त बिजली, सौर ऊर्जा अपनाने की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जा रही है. राज्य में करीब 1.92 करोड़ घरेलू बिजली उपभोक्ता हैं. उन्होंने सक्षम और संपन्न लोगों से स्वेच्छा से मुफ्त बिजली का लाभ छोड़कर राज्यहित में योगदान देने की अपील की. साथ ही गरीब परिवारों से छतों पर 1.1 किलोवाट का सोलर पैनल लगाने के लिए आवेदन करने का आग्रह किया. इसके लिए सरकार की ओर से 8 से 10 हजार रुपये तक अनुदान उपलब्ध कराने की बात भी कही.
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र प्रसाद यादव, नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, विधायक रणधीर कुमार सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद थे.
