Patna: दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए तैनात पुलिसकर्मियों की लापरवाही पर किशनगंज के एसपी ने सख्त रुख अपनाया है. ड्यूटी के दौरान अनुपस्थित रहने और कर्तव्य में लापरवाही बरतने के मामले में थानाध्यक्ष समेत पांच पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है. इनमें तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है, जबकि एक थानाध्यक्ष से स्पष्टीकरण मांगा गया है. एक महिला गृहरक्षक के एक दिन के वेतन में कटौती का आदेश भी दिया गया है.

चेकिंग के दौरान सामने आई लापरवाही

मिली जानकारी के अनुसार दुर्गा पूजा ड्यूटी के दौरान विभिन्न स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती और कर्तव्यपालन की जांच की गई थी. इस दौरान ड्यूटी में लापरवाही और अनुपस्थिति के मामले सामने आए. संबंधित अधिकारियों की रिपोर्ट के आधार पर एसपी ने कार्रवाई के निर्देश दिए. बहादुरगंज थानाध्यक्ष पुलिस निरीक्षक सुनील कुमार को दुर्गा पूजा के अवसर पर चेकिंग के दौरान थाना क्षेत्र में विशेष प्राप्ति नहीं मिलने के मामले में एसडीपीओ -1 की रिपोर्ट के आधार पर दो दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है. ड्यूटी में लापरवाही के मामले में तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है. इनमें प्रशिक्षु पीटीसी-11 सुनील कुमार, सिपाही-34 वशिष्ठ नारायण कुमार और प्रशिक्षु पीटीसी-643 रितेश कुमार शामिल हैं. सुनील कुमार और वशिष्ठ नारायण कुमार दुर्गा पूजा स्थल रुईधासा में ड्यूटी के दौरान निर्धारित कर्तव्यपालन में लापरवाही बरतते पाए गए. वहीं, रितेश कुमार को ड्यूटी के दौरान अपने कर्तव्य से अनुपस्थित पाया गया. दुर्गा पूजा स्थल पुरवपाली में ड्यूटी के दौरान अनुपस्थित पाए जाने पर महिला गृहरक्षक संख्या 410761 हिन्जिया मरांडी के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है. एसपी ने संबंधित रिपोर्ट के आधार पर एक दिन के वेतन की कटौती का आदेश दिया है.

अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं

किशनगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दुर्गा पूजा जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर सभी पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों से कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और जवाबदेही की अपेक्षा की जाती है. ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही या आदेशों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed