Patna: वैशाली जिले के महिसौर थाना क्षेत्र में सीएसपी केंद्र में हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देशी पिस्तौल, चार जिंदा गोली, लूटे गए 21 हजार रुपये, दो कैंसिल चेक, 200 रुपये नकद और आधार कार्ड बरामद किया है. गिरफ्तार आरोपियों में वैशाली जिले क पातेपुर थाना क्षेत्र के बाजिदपुर के रहने वाले सोनू कुमार सहनी, थाना महिसौर थाना क्षेत्र के सुरेंद्र कुमार, सुनील कुमार, समस्तीपुर जिले क पटोरी थाना क्षेत्र के सरहदमाधो के रहने वाले राजेश महतो और धर्मनाथ राम का नाम शामिल है. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर घटना में शामिल अन्य अपराधियों की तलाश की जा रही है.

पुलिस मिली जानकारी के अनुसार 16 अक्टूबर को महिसौर थाना क्षेत्र के हरिप्रसाद चौक स्थित एक सीएसपी केंद्र में अज्ञात अपराधियों ने लूट की घटना को अंजाम दिया था. संचालक दीपक कुमार ने घटना की सूचना महिसौर थाना को दी थी. इसके आधार पर महिसौर थाना (कांड संख्या 49/26) में मामला दर्ज किया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए वैशाली एसएसपी के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में एसडीपीओ महुआ और महिसौर थानाध्यक्ष को शामिल कर टीम गठित की गई. टीम ने मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया. पुलिस ने लूट की रकम और सीएसपी से संबंधित सामान भी बरामद किया है. गिरफ्तार सोनू कुमार सहनी का नाम समस्तीपुर नगर थाना (कांड संख्या 251/24) और पातेपुर थाना (कांड संख्या 222/20) में दर्ज लूट के मामलों में सामने आया है. वहीं, राजेश महतो का नाम पटोरी थाना (कांड संख्या 398/22 और 655/23) में दर्ज लूट के मामलों से जुड़ा बताया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed