Ranchi: सरकारी नौकरी करने वाले साले की संपत्ति पर कब्जा करने के लालच में रिश्ते का कत्ल कर दिया गया. पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के मालीपाड़ा स्थित बंद खदान से बरामद अज्ञात शव की गुत्थी पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझाने का दावा किया है. मृतक मंटू दास की हत्या उसके साले की संपत्ति पर कब्जा करने की साजिश के तहत की गई थी. मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी के निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, लोहे का हथौड़ा, मृतक को बांधने में प्रयुक्त पटुआ का रस्सी, खाट, खुन लगा झोला, खुन लगा कपड़ा, मृतक का पल्सर बाईक (JH04V4094) और घटना में प्रयुक्त पल्सर 220 (JH16K5241) पुलिस ने बरामद किया है. गिरफ्तार आरोपी में पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के धनुषपूजा के रहने वाले आलोक मुर्मू, प्रीतम हेम्ब्रम और प्रिन्स हेम्ब्रम का नाम शामिल है.
साले की नौकरी और संपत्ति पर कब्जे की थी योजना
मामले की जानकारी देते हुए पाकुड़ एसपी ने बताया कि मृतक मंटू दास का साला साबीर सोरेन पाकुड़ के पशुपालन विभाग में कार्यरत है और गिरफ्तार आरोपी आलोक मुर्मू के घर में किराये पर रहता है. साबीर सोरेन की संपत्ति का कोई उत्तराधिकारी नहीं होने की बात सामने आई है. मंटू दास ही अपने साले और उसकी संपत्ति की देखभाल करता था. इसी स्थिति का फायदा उठाने के लिए तीनों आरोपियों ने कथित तौर पर साजिश रची. योजना के तहत मंटू दास को रास्ते से हटाने, साबीर सोरेन का विश्वास जीतने और उसके वेतन का इस्तेमाल करने के साथ भविष्य में उसकी संपत्ति पर कब्जा करने की मंशा थी.
कुल्हाड़ी और हथौड़े से हत्या, शव खदान में फेंका
पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, आरोपियों ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी और हथौड़े से मंटू दास की हत्या की. इसके बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को उसकी पल्सर बाईक के साथ पटुआ की रस्सी से बांधकर मालीपाड़ा स्थित बंद खदान में फेंक दिया गया. 13 अक्टूबर 2026 को खदान से अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद होने के बाद पाकुड़ नगर थाना (कांड संख्या 236/26) में मामला दर्ज किया गया. मृतक की पहचान मंटू दास, पिता छत्तीस दास, मूल निवासी धोबना, थाना दुमका मुफस्सिल, जिला दुमका और वर्तमान निवासी धनुषपूजा, बस स्टैंड के पीछे, पाकुड़ नगर के रूप में हुई.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पाकुड़ एसपी ने एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया. टीम ने मानवीय और तकनीकी सूचनाओं के आधार पर जांच करते हुए लगातार छापेमारी की. पुलिस कार्रवाई के परिणामस्वरूप हत्या में कथित रूप से शामिल तीनों आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया.
खदान के पानी से बाइक बरामद, हत्या के औजार जब्त
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मालीपाड़ा स्थित बंद खदान के पानी से मृतक की पल्सर बाईक (JH04V4094) बरामद की. इसके अलावा घटना में इस्तेमाल पल्सर-220 (JH16K5241) भी जब्त की गई. पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, लोहे का हथौड़ा, शव बांधने में इस्तेमाल पटुआ की रस्सी, खाट, खून लगा झोला और खून लगा कपड़ा भी बरामद किया है. इस हत्याकांड के पीछे संपत्ति हासिल करने का लालच प्रमुख वजह के रूप में सामने आया है.
