Ranchi: गढ़वा थाना क्षेत्र के छठ घाट टंडवा में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के घर से भारी मात्रा में ब्राउन शुगर, बिक्री के पैसे और एक मोबाइल फोन बरामद किया है.
गढ़वा एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि छठ घाट टंडवा निवासी ज्योति कुमारी (पिता: भोला डोम) क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध रूप से ब्राउन शुगर का व्यापार एवं बिक्री कर रही है. इस अवैध कारोबार से युवा वर्ग काफी प्रभावित हो रहा था और क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही थी. सूचना पर एसपी के निर्देशानुसार एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. गठित पुलिस टीम ने ज्योति कुमारी के घर पर छापेमारी की. तलाशी के दौरान कमरे में रखे पलंग के ड्रॉअर से एक गुलाबी रंग का छोटा बैग बरामद हुआ. बैग की जांच करने पर उसमें से कागज की 135 पुड़िया में रखी कुल 33.83 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई. इसके अलावा, पुलिस ने मौके से ब्राउन शुगर की बिक्री के 1,72,060 रुपये नकद और एक एंड्रॉइड मोबाइल जब्त किया है.
