Ranchi: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मंगलवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में रांची जिला दुर्गा पूजा समिति, रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति और विभिन्न शांति समितियों के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार मुलाकात की. प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन की ओर से पूजा समितियों को मिल रहे सहयोग के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया. सदस्यों ने मुख्यमंत्री को चुनरी, मां दुर्गा की प्रतिमा और गुलदस्ता भेंट कर आगामी दुर्गापूजा में शामिल होने का आमंत्रण दिया.

सपरिवार पंडाल भ्रमण का न्योता, सीएम ने किया स्वीकार

पूजा समिति के सदस्यों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को शारदीय नवरात्र के दौरान रांची के विभिन्न भव्य पूजा पंडालों का सपरिवार भ्रमण करने, माता रानी के दर्शन और महाआरती में शामिल होने का आग्रह किया. मुख्यमंत्री ने आमंत्रण सहर्ष स्वीकार करते हुए कहा कि वे इस वर्ष दुर्गापूजा उत्सव में शामिल होंगे और विभिन्न पूजा पंडालों का भ्रमण कर माता रानी का आशीर्वाद लेंगे.

‘प्रशासन के सहयोग से पूजा समितियों को नहीं हो रही परेशानी’

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से पूजा समितियों को पूरा सहयोग मिल रहा है. अधिकारियों द्वारा लगातार बैठकें कर पूजा शुरू होने से पहले ही समितियों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है. समितियों ने मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन की इस पहल के लिए आभार जताया.

पर्यावरण अनुकूल हो मूर्ति विसर्जन

मुख्यमंत्री ने पूजा समितियों को आस्था और परंपरा के साथ पर्यावरण संरक्षण का भी ध्यान रखने का सुझाव दिया. उन्होंने कहा कि मूर्ति विसर्जन के बाद तालाबों और जलाशयों की स्थिति पर्यावरण के लिए चुनौती बनती है. ऐसे में राज्य सरकार और पूजा समितियों के बीच समन्वय से पर्यावरण अनुकूल विसर्जन की वैकल्पिक व्यवस्था तैयार की जानी चाहिए.

पूजा पंडालों में लगेंगे नशामुक्ति के होर्डिंग

मुख्यमंत्री ने सभी पूजा पंडालों में नशा मुक्ति जागरूकता से संबंधित होर्डिंग और बैनर लगाने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि नशामुक्त झारखंड के निर्माण में सामाजिक और धार्मिक संगठनों की महत्वपूर्ण भूमिका है. खासकर युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए पूजा समितियों से जागरूकता अभियान चलाने और अनाउंसमेंट कराने की अपील की गई. समितियों ने इस पहल को लागू करने का भरोसा दिया.

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने दुर्गापूजा को शक्ति की उपासना और असत्य पर सत्य की विजय का पर्व बताते हुए पूजा समितियों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूजा के दौरान कानून-व्यवस्था, बिजली, पानी, साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था सुचारू रहे. पंडालों में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए.

इस दौरान रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन समेत जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे. अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को दुर्गापूजा को लेकर जिला प्रशासन की तैयारियों की जानकारी दी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed