Ranchi: हजारीबाग पुलिस ने बड़कागांव थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री करने वाले दो अपराधियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके पास से 29 पुड़िया (लगभग 8 ग्राम) ब्राउन शुगर और 2 मोबाइल फोन बरामद किए हैं. गिरफ्तार आरोपी में सुनील कुमार राम औऱ रुपेश कुमार का नाम शामिल है. दोनो बड़कागांव थाना क्षेत्र का रहने वाला है.
मिली जानकारी के अनुसार हजारीबाग एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि गुरुचट्टी स्थित रामजानकी मंदिर के आसपास कुछ युवक नशीले पदार्थ ‘ब्राउन शुगर’ की खरीद-बिक्री करने वाले हैं. सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसपी के निर्देश पर बड़कागांव एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया. निगरानी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम जब रामजानकी मंदिर के पास पहुंची, तो पुराने टूटे-फूटे घर के पीछे दो युवकों को कागज़ की पुड़ियों का लेन-देन करते देखा गया. पुलिस को देखकर दोनों आरोपी भागने लगे, जिन्हें सशस्त्र बल की मदद से खदेड़कर धर दबोचा गया. तलाशी लेने पर पकड़े गए युवकों के पास से 29 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई. पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे बड़कागांव क्षेत्र में पुड़िया बनाकर ब्राउन शुगर बेचते थे, जिससे मुनाफा कमाते थे और खुद भी इसका सेवन करते थे.
