Ranchi: पाकुड़ जिले के अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के छोटा कुस्कुट्टा गांव में सोमवार रात अंधविश्वास के चक्कर में एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया. गांव के प्रधान (ग्राम प्रधान) छोटा बामना पहाड़िया की उनके घर में ही सोते समय गला काटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई, घटना की सूचना मिलते ही हरकत में आई पाकुड़ पुलिस कार्रवाई करते हुए महज 8 घंटे के भीतर हत्याकांड का सफल उद्भेदन कर दिया और हत्या में शामिल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी धर्मा पहाड़िया अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के छोटा कुस्कुट्टा का रहने वाला है. जादू-टोने के शक में की गई हत्या
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी धर्मा पहाड़िया (23 वर्ष) ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. आरोपी ने बताया कि वह और मृतक आपस में रिश्तेदार हैं. आरोपी को शक था कि ग्राम प्रधान जादू-टोना जानता था और उसी के ओझा-गुणी करने के कारण उसके पिता (दिवंगत देवा पहाड़िया) की मृत्यु हुई थी. पिता की मौत का बदला लेने और अंधविश्वास के वशीभूत होकर उसने सोते समय ग्राम प्रधान पर टांगी से हमला कर उनका गला काट दिया. घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पाकुड़ के एसपी अमड़ापाड़ा थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन किया. एसआईटी ने तकनीकी टीम, फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ और डॉग स्क्वायड (स्वान दस्ता) के साथ तुरंत मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए. मानवीय आसूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी धर्मा पहाड़िया को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी के बेंत वाली खून से सनी टांगी और वारदात के समय इस्तेमाल किया गया खून लगा नारंगी रंग का प्रिंटेड गमछा बरामद कर लिया गया है.
