Ranchi: झारखंड, यूपी और एमपी की सीमाओं पर दहशत फैलाने वाले एक खूंखार इंटरस्टेट आपराधिक गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने गिरोह के एक सक्रिय सदस्य गढ़वा जिले के पतिहारी निवासी सोनू उर्फ शाबिर अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा सोनभद्र के चिल्काटांड़ निवासी रौशन कुमार एनकाउंटर में गोली लगने से घायल हुआ है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई रोनिन बाइक, 15.33 ग्राम सोना और 35,000 नकद बरामद किए हैं.

हाईस्पीड बाइक लूटकर डकैती की वारदात

पुलिस के अनुसार मामला 12 और 13 सितंबर का है, जब गढ़वा जिला के रंका थाना और हरिहरपुर ओपी क्षेत्र से दो अपाची बाइक लूटी गई थीं. गढ़वा एसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने जब जांच शुरू की तो पाया कि अपराधी बड़ी डकैती को अंजाम देने के लिए हाईस्पीड बाइकों की लूट कर रहे थे.

यूपी में मुठभेड़, एमपी में कंचन ज्वेलर्स में डकैती

18 सितंबर को एमपी के विन्ध्यनगर थाना क्षेत्र स्थित कंचन ज्वेलर्स में डकैती पड़ी. भागने के क्रम में यूपी के अनपारा थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें शातिर अपराधी सोनभद्र के चिल्काटांड़ निवासी रौशन कुमार गोली लगने से घायल हो गया. राबर्ट्सगंज अस्पताल में पूछताछ के दौरान रौशन ने बाइक लूट और डकैती की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की.

निशांदेही पर शाबिर अंसारी गिरफ्तार

घायल बदमाश के बयान के आधार पर गढ़वा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गढ़वा जिले के पतिहारी निवासी सोनू उर्फ शाबिर अंसारी को गिरफ्तार कर लिया. शाबिर की निशानदेही पर पुलिस ने लूटी गई रोनिन बाइक, 15.33 ग्राम सोना और 35,000 नकद बरामद किए. इस गिरोह का तीसरा साथी शमशाद अंसारी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है.

रंगदारी, हत्या के प्रयास और डकैती के कई मामले दर्ज

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि पकड़ा गया गिरोह बेहद खतरनाक है. घायल रौशन कुमार पर हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट के दर्जनों संगीन मामले पहले से दर्ज हैं. गिरफ्तार शाबिर अंसारी भी पूर्व में कई आपराधिक वारदातों में शामिल रहा है.

बैंक और ज्वेलर्स को निशाना बनाने की थी योजना

पुलिस की कड़ी पूछताछ में यह भी सामने आया कि यह गिरोह रमना के सोना व्यवसायी, गढ़वा के नवल अलंकार ज्वेलर्स और डालटनगंज में बैंक ऑफ महाराष्ट्र को लूटने की फिराक में था. लेकिन पुलिस की बढ़ती मुस्तैदी को देखकर अपराधियों ने अपना प्लान बदला और विन्ध्यनगर में डकैती डाल दी. पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों का भी पता लगा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed