Ranchi: झारखंड से बिहार अवैध शराब तस्करी के नेटवर्क पर हजारीबाग पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है. चौपारण थाना क्षेत्र के ग्राम अंबातारी में पुलिस ने छापेमारी कर चोरी की 06 बाईक मोटरसाइकिलों पर लदी करीब 285 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की है. हालांकि, पुलिस टीम को देखते ही शराब तस्कर गाड़ियों को मौके पर छोड़कर नदी की ओर भाग निकले.
हजारीबाग एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि अंबातारी गांव में चोरी की बाइको के जरिए भारी मात्रा में अवैध महुआ शराब बिहार भेजने की तैयारी की जा रही है. सूचना को गंभीरता से लेते हुए एक छापेमारी दल का गठन किया गया. टीम जब अंबातारी के नदी इलाके में पहुंची, तो तस्करों में हड़कंप मच गया और वे पुलिस को चकमा देकर नदी की तरफ फरार हो गए. पुलिस ने मौके से 02 स्प्लेंडर, 02 होंडा शाइन, 01 ग्लैमर और 01 टीवीएस बाइक बरामद की. जब गाड़ियों के इंजन, चेसिस और रजिस्ट्रेशन नंबर की जांच की गई, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि सभी 6 मोटरसाइकिलें चोरी की हैं. मामले में चौपारण थाना में सुसंगत धाराओं के तहत 05 नामजद शराब तस्करों और चोरी की 06 बाइक के मालिकों के खिलाफ प्राथमिक दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
