Ranchi: प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने शुक्रवार की सुबह सरायकेला में ठेकेदार संजय डालमिया के पटनायक टोला स्थित आवास पर छापेमारी की. करीब सात बजे तीन वाहनों से पहुंची ईडी की टीम ने आवास को अपने कब्जे में लेते हुए तलाशी शुरू की. टीम द्वारा घर के अंदर अलग-अलग स्थानों पर दस्तावेजों और अन्य सामानों की जांच किए जाने की सूचना है.
बताया जा रहा है कि ईडी की यह कार्रवाई सहकारिता बैंक से करीब 35 करोड़ रुपये का लोन लेने और उसके भुगतान नहीं किए जाने से जुड़े मामले की जांच के सिलसिले में की जा रही है. जांच एजेंसी की टीम मामले से जुड़े वित्तीय लेन-देन और महत्वपूर्ण दस्तावेजों को खंगाल रही है.
छापेमारी के दौरान आवास के बाहर भी सुरक्षा व्यवस्था देखी गई. ईडी की कार्रवाई के कारण आसपास के इलाके में लोगों की नजरें भी टिकी रहीं. हालांकि, छापेमारी को लेकर ईडी की ओर से अभी तक कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है.
बताया गया है कि लोन से जुड़े मामले में कारोबारी संजय डालमिया जमानत पर बाहर हैं. फिलहाल ईडी की टीम आवास में जांच-पड़ताल कर रही है. तलाशी पूरी होने और जांच एजेंसी की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही कार्रवाई से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
