Ranchi: झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं (JSSC-CGL एवं JPSC) में अनुचित साधनों के प्रयोग और धांधली के खिलाफ सीआईडी ने कार्रवाई की है. सीआईडी की टीम ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में से एक रांची स्थित एक नामी कोचिंग संस्थान का संचालक है जो एजेंट के तौर पर काम कर रहा था.
JSSC-CGL में अभ्यर्थियों को पहुँचाया अनुचित लाभ
सीआईडी थाना (कांड संख्या 01/2025 (JSSC-CGL प्रतियोगिता परीक्षा) में दर्ज मामले के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अप्राथमिकी आरोपी दिलीप कुमार पासवान को गिरफ्तार किया है। दिलीप मूल रूप से बिहार के जमुई जिले का रहने वाला है और वर्तमान में बंगाल के पश्चिम बर्द्धमान के ईस्ट केन्दा कॉलोनी में रह रहा था. सीआईडी के अनुसार, आरोपी दिलीप ने JSSC-CGL के कई परीक्षार्थियों को परीक्षा में गलत तरीके से अनुचित लाभ पहुंचाया था.
शिवांगन कोचिंग का संचालक ‘संजीत’ JPSC मामले में गिरफ्तार
वहीं, JPSC प्रतियोगिता परीक्षा से जुड़े सीआईडी थाना (कांड संख्या 16/26) में दर्ज मामले में पुलिस ने संजीत कुमार (38 वर्ष) को गिरफ्तार किया है. संजीत कुमार रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र रातू रोड स्थित शिव भवन का निवासी है. वह रांची स्थित ‘शिवांगन कोचिंग’ का संचालक है और परीक्षाओं में धांधली कराने वाले गिरोह के लिए एजेंट के रूप में काम कर रहा था. सीआईडी अब इस रैकेट से जुड़े अन्य तारों और सफेदपोशों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.
