Patna: सीवान जिले महाराजगंज थाना क्षेत्र के ऐतिहासिक मौनिया बाबा मेले में बीते रात रात उस समय अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया, जब जुलूस में शामिल उपद्रवियों ने स्थानीय सांसद के स्कॉर्ट वाहन को निशाना बनाते हुए जमकर तोड़फोड़ की. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, गिरफ्तार आरोपी में आयुष कुमार साह, रितेश कुमार और सन्नी सिंह का नाम शामिल है. सभी आरोपी महाराजगंज थाना क्षेत्र के महुआरी का रहने वाला है. जबकि 100 से 150 अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है.
दुर्गा मंदिर के पास लाठी-डंडों से हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना महाराजगंज थाना क्षेत्र के राजेंद्र चौक से करीब 200 मीटर पूरब, दुर्गा मंदिर के पास की है. आर्केस्ट्रा जुलूस में शामिल कुछ असामाजिक तत्वों ने सांसद के स्कॉर्ट वाहन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे वाहन के शीशे पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. घटना की सूचना मिलते ही महाराजगंज थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए तीन लोगों को रंगे हाथ धर दबोचा.
पुलिस जांच में पाया गया कि मेले में निर्धारित शर्तों और सरकारी आदेशों का सरेआम उल्लंघन किया जा रहा था. मेले के दौरान तेज आवाज में अश्लील गाने बजाए जा रहे थे और बिना अनुमति आर्केस्ट्रा का संचालन हो रहा था. पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों सहित 100-150 अज्ञात डीजे व आर्केस्ट्रा संचालकों और सदस्यों पर मामला दर्ज कर लिया है. एसडीपीओ के नेतृत्व में आगे की कार्रवाई की जा रही है.
