Ranchi: हजारीबाग जिले की बड़कागांव थाना पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान गैंग के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर गैंग के एक सक्रिय शूटर को देशी पिस्तौल, छह जिंदा कारतूस, प्रिंस खान KSS लिखे पर्चे और मोबाइल के साथ गिरफ्तार कर लिया. पकड़ा गया अपराधी पूर्व में ट्रांसपोर्टिंग वाहन पर हुई गोलीबारी की घटना में भी शामिल रहा है. गिरफ्तार आरोपी संदीप मेहता उर्फ संदीप कुशवाहा बड़कागांव थाना क्षेत्र के तलसवार का रहने वाला है.
जंगल में बन रही थी बड़ी वारदात की योजना
हजारीबाग एसपी को सूचना मिली थी कि प्रिंस खान गैंग के कुछ अपराधी बड़कागांव थाना क्षेत्र के ग्राम कोयलांग बाकपंजा के जंगल में एकत्रित होकर किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं. कार्रवाई के लिए एसडीपीओ बड़कागांव के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया.
पुलिस टीम जब कोयलांग बाकपंजा के जंगल पहुंची, तो सड़क किनारे टूटे हुए मिट्टी के घर के पीछे छिपे तीन युवक पुलिस को देखकर भागने लगे. पुलिस बलों ने खदेड़कर एक युवक को धर दबोचा, जबकि दो अन्य अपराधी घने जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे.
गैंगस्टर प्रिंस खान के निर्देश पर की थी फायरिंग
पकड़े गए अपराधी संदीप मेहता उर्फ संदीप कुशवाहा पूछताछ करने पर स्वीकार किया कि प्रिंस खान ने दो लड़कों को हथियार और पर्चे देकर उसके पास भेजा था. उसने यह भी खुलासा किया कि उसने बीते 25 जुलाई को 13 मील ट्रांसपोर्टिंग रोड (बुढ़ना घाटी) में प्रिंस खान के निर्देश पर अपने सहयोगियों के साथ मिलकर हाईवा गाड़ी पर गोलीबारी की थी.
