Ranchi: जमशेदपुर जिले के सोनारी थाना क्षेत्र के ए रोड पर 31 जुलाई की शाम हुई चैन छिनतई की वारदात में शामिल तीसरे और फरार आरोपी रोहित कर्मकार उर्फ सिपुल (24 वर्ष) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई में पुलिस ने बिरसानगर थाना क्षेत्र से आरोपी को दबोचा और उसकी निशानदेही पर छीनी गई महिला की सोने की चैन भी बरामद कर ली है. पकड़े गए आरोपी रोहित कर्मकार का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. उस पर आदित्यपुर, बिरसानगर, टेल्को, बिष्टुपुर और सोनारी थानों में एनडीपीएस एक्ट और छिनतई/चोरी से जुड़े दर्जनों मामले दर्ज हैं.
हादसे के बाद बाइक छोड़ भागे थे बदमाश
घटना 31 जुलाई की शाम करीब 4:30 बजे की है. कदमा निवासी 58 वर्षीया अर्चना श्रीवास्तव सोनारी A रोड से अपने घर लौट रही थीं. इसी दौरान पल्सर सवार बदमाशों ने उनका पीछा कर गले से सोने की चैन झपट ली. वारदात के बाद भागने की हड़बड़ाहट में बदमाशों की बाइक सामने से आ रहे एक ‘छोटा हाथी’ (टेंपो) वाहन से टकरा गई. टक्कर के बाद घबराए अपराधी अपनी पल्सर बाइक (JH05CN3650) मौके पर ही छोड़कर ईस्ट-वेस्ट लिंक रोड की तरफ पैदल दौड़कर फरार हो गए.
तीन आरोपी थे शामिल, दो पहले ही जा चुके हैं जेल
पुलिस जांच में सामने आया कि इस घटना में कुल तीन अपराधी शामिल थे पंकज हरपाल, रोहित कर्मकार और रोहित मुर्मू. घटना के वक्त पंकज और रोहित कर्मकार बाइक पर सवार थे, जबकि रोहित मुर्मू पुलिस की गतिविधियों पर नजर रख रहा था. पुलिस ने पूर्व में ही कार्रवाई करते हुए पंकज हरपाल और रोहित मुर्मू को गिरफ्तार कर 6 अगस्त को जेल भेज दिया था, जबकि मुख्य आरोपी रोहित कर्मकार फरार चल रहा था.
