Ranchi: अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाने के लिए रामगढ़ पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है. रामगढ़ एसपी ने मंगलवार को 38 सदस्यीय C.P & D.W. Wing और Digital Criminal Monitoring Portal के कार्यों की समीक्षा कर 258 सक्रिय अपराधियों का डिजिटल प्रोफाइल तैयार करने की जानकारी दी. एसपी ने बताया कि 1 अप्रैल 2021 से 31 मार्च 2026 तक विभिन्न अपराधों में आरोप-पत्रित कुल 1,971 अपराधकर्मियों को चिन्हित किया गया था. इसमें रामगढ़ जिले के 1,374, अन्य जिलों के 458 और राज्य के बाहर के 139 अपराधी शामिल हैं. पिछले 3 महीने में चलाए गए अभियान में पुलिस ने 258 आरोप-पत्रित अपराधियों का सत्यापन कर डिजिटल प्रोफाइल तैयार कर पोर्टल पर अपलोड किया है. इनमें सबसे ज्यादा आर्म्स एक्ट-160, एनडीपीएस एक्ट-48 और रंगदारी-46 के आरोपी हैं. पुलिस ने 28 अपराधियों के खिलाफ सीसीए प्रस्ताव, 131 पर निगरानी प्रस्ताव, 33 को गुंडा पंजी में दर्ज और 74 पर 129 BNSS के तहत कार्रवाई की है.
एसपी ने दिए 6 कड़े निर्देश
समीक्षा बैठक में एसपी ने अपराधियों पर लगाम कसने के लिए 6 निर्देश दिए. हर आरोपी का दोनों थानों से भौतिक सत्यापन, डिजिटल प्रोफाइल में पता और Modus Operandi अपडेट, जमानत पर छूटे सक्रिय अपराधियों की सतत निगरानी और थानों के बीच इंटेलिजेंस शेयरिंग तेज करने को कहा गया. एसपी ने अगले 1 महीने में चोरी, गृहभेदन और वाहन चोरी के 01 जनवरी 2021 से 31 मार्च 2026 तक के आरोप-पत्रित आरोपियों का भी सत्यापन कर प्रोफाइल तैयार करने का निर्देश दिया. बैठक में एसडीपीओ, पुलिस निरीक्षक और सभी थाना/ओपी प्रभारी मौजूद थे.
