Patna: कटिहार पुलिस ने अमदाबाद थाना क्षेत्र में महानंदा नदी किनारे हुई महिला हत्या कांड का 10 दिन के अंदर सफल उद्भेदन कर दिया है. पुलिस ने घटना में संलिप्त 1 आरोपी को गिरफ्तार किया है और हत्या में प्रयुक्त हसुआ, खून लगे कपड़े और मोबाइल बरामद किए हैं. कटिहार एसपी के निर्देशानुसार मनिहारी एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी टीम का गठन किया गया. जख्मी पीड़िता के बयान के आधार पर FSL टीम और बंगाल पुलिस के सहयोग से आरोपी का स्केच तैयार किया गया, जिसकी पहचान घायल पीड़िता ने की. स्थानीय चौकीदारों ने भी आरोपी के नाम-पते का सत्यापन किया. इसके बाद आरोपी की गिरफ्तारी की गई. गिरफ्तारी के बाद आरोपी के मोबाइल की तकनीकी जांच में घटनास्थल के पास उसका मोबाइल मिला. साथ ही आरोपी के घर से घटना में प्रयुक्त तेज धारदार हसुआ, खून लगा टी-शर्ट और लुंगी बरामद की गई.
महानंदा नदी तट पर मिला था शव
मिली जानकारी के अनुसार 20 अगस्त की संध्या में अमदाबाद थाना क्षेत्र के गोविंदपुर बहरसाल के महानंदा नदी कैंप के पश्चिमी तट पर एक महिला का शव बरामद हुआ था. गोविंदपुर बहरसाल के महानंदा नदी के दियारा में दो महिलाएं घास काटने गई थीं. इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति ने हमला कर दिया. हमले में चाँदनी उर्फ चन्द्रिका मंडल की मौत हो गई. रूप्मा मंडल जानलेवा हमले में घायल हो गया. रूप्मा किसी तरह जान बचाकर भागी और ग्रामीणों के सहयोग से प्राथमिक उपचार के बाद उसे मालदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया. मृतका की सास मीना मंडल के आवेदन पर कांड अनुसंधान शुरू किया गया. इस संबंध में अमदाबाद थाना (कांड संख्या-252/26) में मामला दर्ज किया गया था.
