Patna: निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए समस्तीपुर के रोसड़ा की डीसीएलआर कंचन कुमारी झा को 2 लाख रुपये और एक नई वाशिंग मशीन रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है. डीसीएलआर के साथ उनके घरेलू नौकर सह दलाल सुमित कुमार को भी दबोचा गया है. निगरानी ब्यूरो की टीम ने निगरानी थाना (कांड संख्या 103/26) में दर्ज मामले में कार्रवाई की है. टीम ने रोसड़ा नगर पंचायत वार्ड-24 स्थित डीसीएलआर के सरकारी आवास से दोनों को रंगे हाथ पकड़ा है.
आवास से मिले 13.82 लाख नगद
मिली जानकारी के अनुसार माधवपुर, विभूतिपुर निवासी मनोज कुमार ने निगरानी ब्यूरो में शिकायत की थी कि भूमि विवाद निराकरण वाद (संख्या 20/2026-27) में अपने पक्ष में फैसला देने के एवज में डीसीएलआर और उनके नौकर रिश्वत मांग रहे हैं. शिकायत के सत्यापन के बाद निगरानी एसपी के नेतृत्व में जाल बिछाया गया. और रिश्वत लेते पकड़ा गया. गिरफ्तारी के बाद डीसीएलआर के आवास की तलाशी ली गई. इस दौरान 13,82,000 रुपये की अतिरिक्त नकदी भी बरामद की गई.
