Ranchi: सीबीआई ने रिश्वतखोरी के मामले में सीआईएसएफ के क्षेत्रीय वेतन एवं लेखा कार्यालय के 3 अधिकारियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. आरोपियों से 48,400 रुपये रिश्वत की राशि भी बरामद की गई है. जानकारी के अनुसार गुरुवार को रांची स्थित सीआईएसएफ के क्षेत्रीय वेतन एवं लेखा कार्यालय में जाल बिछाकर यह कार्रवाई की गई. गिरफ्तार आरोपी में एक वरिष्ठ लेखा अधिकारी और 2 सहायक लेखा अधिकारी शामिल हैं. ये सभी गृह मंत्रालय सीआईएसएफ रांची के क्षेत्रीय वेतन एवं लेखा कार्यालय में पदस्थापित थे.

क्या है मामला

सीबीआई ने बीते बुधवार को मामला दर्ज किया था. आरोप था कि तीनों अधिकारियों ने यूपी के प्रयागराज स्थित एनटीपीसी सीआईएसएफ के एक हेड कांस्टेबल से विभिन्न बिलों के भुगतान के एवज में रिश्वत की मांग की थी. बिलों में यात्रा भत्ता टीए, चिल्ड्रन एजुकेशन अलाउंस और अन्य देयक शामिल थे. सीबीआई ने शिकायत के आधार पर गुरुवार को कार्यालय में जाल बिछाया. इस दौरान तीनों आरोपी 48,400 रुपये रिश्वत लेते हुए पकड़े गए. सीबीआई की टीम रांची और धनबाद में आरोपियों के 5 ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. छापेमारी में आपत्तिजनक दस्तावेज और नकदी भी जब्त की गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *