Patna: दरभंगा जिले के लेहरियासराय थाना क्षेत्र के खाजासराय गांव में पड़ोसियों के बीच आपसी विवाद में हुए हमले में एक युवक की मौत हो गई. पुलिस ने मामले में 5 लोगों को गिरफ्तार और 1 विधि-विरुद्ध बालक को हिरासत में लिया है. गिरफ्तार आरोपी में दिलीप साह, पत्नी रेणु देवी, पुत्र रोहित कुमार, खुशबू देवी और कृष्ण कुमार का नाम शामिल है.
मिली जानकारी के अनुसार 22 अगस्त को करीब 20:00 बजे खाजासराय में दीपू सहनी और अन्य 2 लोगों पर दिलीप साह और उसके परिवार ने चाकू एवं डायगर से हमला कर दिया. हमले में तीनों घायल हो गए. इलाज के लिए दरभंगा डीएमसीएच ले जाने के क्रम में दीपू सहनी की मृत्यु हो गई. मृतक के भाई दिलीप सहनी के बयान पर लेहरियासराय थाना (कांड संख्या-502/26) में दिलीप साह और 10 अन्य नामजद आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया. दरभंगा एसएसपी के निर्देश पर गठित टीम ने छापेमारी कर 5 आरोपी को गिरफ्तार किया. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है. एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है.
