Patna: ठाकुरगंज विधानसभा के विधायक के खिलाफ सोशल मीडिया फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले शातिर अपराधी को किशनगंज पुलिस ने कटिहार पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपी मो0 शाहिद उर्फ बाबुवा भाई उर्फ बबुआ कटिहार जिले के कदवा थाना क्षेत्र के मनिहारी टोला सिंगलपुर का रहने वाला है. गिरफ्तार मो0 शाहिद का आपराधिक इतिहास लंबा है. उसके विरुद्ध कटिहार और पूर्णिया जिला में चोरी, लूट, डकैती, अपहरण समेत 12 से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं. आरोपी पर हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और रंगदारी के मामले भी शामिल हैं.
विधायक की शिकायत पर दर्ज हुआ था केस
मिली जानकारी के अनुसार 28 जुलाई को ठाकुरगंज विधानसभा के विधायक के आवेदन के आधार पर ठाकुरगंज थाना (कांड सं0 231/26) में मामला दर्ज किया गया था. शिकायत में कहा गया था कि कटिहार जिला के मो0 शाहिद उर्फ बाबुवा भाई ने फेसबुक पर उनके विरुद्ध आपत्तिजनक पोस्ट कर जनप्रतिनिधि के रूप में प्रतिष्ठा को हनन करने का आपराधिक कृत्य किया है. किशनगंज एसपी के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई. तकनीकी अनुसंधान में पाया गया कि पोस्ट में अभद्र भाषा, गाली-गलौज का इस्तेमाल किया गया था जो वैमनस्य फैलाने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाला था. एसडीपीओ के नेतृत्व में टीम ने कटिहार जिला के कदवा थाना क्षेत्र से मो0 शाहिद उर्फ बाबुवा भाई उर्फ बबुआ को गिरफ्तार किया. पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है.
