Patna: मुजफ्फरपुर पुलिस ने जिले में स्कूल, कॉलेज, आंगनबाड़ी और घरों में हो रही लगातार गृहभेदन और चोरी की घटनाओं का सफल उद्भेदन किया है. इस मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार और 5 विधि-विरुद्ध बालक निरुद्ध किए गए हैं. गिरफ्तार आरोपी में गायघाट थाना क्षेत्र के छोटू कुमार, सन्नी कुमार और बोचहां थाना क्षेत्र के कुंदन साह का नाम शामिल है. आरोपी के निशानदेही पर 4 बाईक, 3 टीवी, 3 इन्वर्टर, 3 बैटरी, 1 गैस सिलेंडर, बर्तन, कपड़े और अन्य सामान पुलिस ने बरामद किया है. पूछताछ में सभी ने गिरोह के साथ मिलकर जिले में कई थाना क्षेत्रों में चोरी करना स्वीकार किया है. इनकी गिरफ्तारी से पियर के 8, मुरौल के 2, बोचहां के 6, मुशहरी, हथौरी और सकरा का 1-1 कुल 19 मामले का उद्भेदन हुआ है.
एक महीने में एक दर्जन से अधिक घटनाओं को दिया था अंजाम
पुलिस के अनुसार पिछले कुछ दिनों से जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोर गिरोह स्कूल, कॉलेज, आंगनबाड़ी और घरों को निशाना बना रहे थे. मुरौल ओ.पी. क्षेत्र में 16 अगस्त की रात 5 घरों और 19 अगस्त की रात 12 घरों में गृहभेदन किया गया. पियर थाना क्षेत्र में 08 आंगनबाड़ी, बोचहां में 05 स्कूल/आंगनबाड़ी और 01 घर में चोरी हुई. इसके अलावा मुशहरी, सकरा और हथौरी थाना क्षेत्रों में भी आंगनबाड़ी केंद्रों को निशाना बनाया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरपुर एसएसपी के निर्देशन में एएसपी ग्रामीण और एएसपी पूर्वी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. टीम में जिला आसूचना इकाई, सकरा अंचल निरीक्षक और 6 थानों की पुलिस शामिल थी. तकनीकी और मानवीय आसूचना के आधार पर टीम ने छापेमारी कर गायघाट थाना के छोटू कुमार और सन्नी कुमार को गिरफ्तार किया. साथ ही 4 विधि-विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया गया. मुरौल ओ.पी. की टीम ने चोरी के बर्तन के साथ 1 विधि-विरुद्ध बालक को पकड़ा. वहीं बोचहां थाना ने चोरी का सामान खरीदने वाले कुंदन साह को चोरी के इन्वर्टर और बैटरी के साथ गिरफ्तार किया.
