Saharsa: लूट की योजना बनाकर निकले अपराधियों पर सहरसा जिले के जलई थाना पुलिस ने कार्रवाई की है. पुलिस ने एक हथियारबंद अपराधी को देशी कट्टा और एक गोली के साथ गिरफ्तार किया है. उसके 2 साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए. गिरफ्तार आरोपी प्रिंस कुमार जलई थाना क्षेत्र के खोराबरतर का रहने वाला है.

मछली व्यापारी को लूटने की थी साजिश

मिली जानकारी के अनुसार बीते रात जलई थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक मछली व्यापारी मछली बेचकर घर लौट रहा है. जुम्मा चौक के समीप पुल के पास बाईक सवार 3 अज्ञात अपराधी हथियार का भय दिखाकर उससे रुपये छीनने का प्रयास कर रहे थे. ग्रामीणों के सहयोग से अपराधियों की यह योजना विफल हो गई और वे भाग निकले. सूचना पर जलई थाना पुलिस ने पुराना ईंट भट्ठा बघवा मस्जिद के पास वाहन जांच शुरू की. इसी दौरान पुलिस को देखकर एक बाईख चालक वाहन घुमाकर भागने लगा. सशस्त्र बल के सहयोग से उसे खदेड़कर पकड़ लिया गया. गिरफ्तार आरोपी प्रिंस कुमार के पास से देशी कट्टा और गोली बरामद किया गया. इस संबंध में जलई थाना (कांड सं0-131/26) में मामला दर्ज किया गया है. फरार अन्य 2 आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *