Patna: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में ध्वजारोहण किया. प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि “14 करोड़ बिहारवासियों की ऊर्जा, किसानों एवं उद्यमियों की मेहनत, माताओं-बहनों के संकल्प से भारत भी विकसित देश होगा और बिहार भी बनेगा समृद्ध प्रदेश”. मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों की शिकायतों के त्वरित निवारण के लिए 17 अगस्त से विद्यार्थी सहयोग पोर्टल का शुभारंभ किया जाएगा. छात्रों की शिकायतों का निवारण 30 दिनों के भीतर सुनिश्चित होगा. इसके लिए सभी विभागों में छात्र कल्याण निदेशालय का गठन भी होगा. परीक्षाओं को पारदर्शी बनाने के लिए राज्य स्तरीय परीक्षा सुधार समिति और शिक्षा की गुणवत्ता के लिए उच्चस्तरीय समिति का गठन किया जाएगा. राज्य में स्थापित 551 सरस्वती विद्या निकेतनों में IIT-JEE, NEET सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग दी जाएगी. 15 जुलाई से राज्य के 211 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज शुरू किए गए हैं, जहां 2,451 शिक्षकों की नियुक्ति की गई है.
रोजगार और उद्योग
सरकार ने 2030 तक एक करोड़ युवाओं को सरकारी नौकरी एवं रोजगार देने का लक्ष्य रखा है. बिहार सेमीकंडक्टर नीति 2026 लाई गई है. 5 लाख करोड़ रुपये का निवेश लाने का लक्ष्य है. प्रत्येक जिले में औद्योगिक क्षेत्र के लिए 14,600 एकड़ नई भूमि अधिग्रहण को मंजूरी दी गई है. बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन पैकेज 2025 में संशोधन किया गया है. राज्य के बाहर बसे बिहारी लोगों से अपील की कि वे कर्मभूमि से जन्मभूमि लौटकर बिहार की समृद्धि में योगदान दें.
कृषि और ऊर्जा
गन्ना किसानों के लिए 25 नई चीनी मिलें स्थापित की जाएंगी. 10 मिलें शुरू हो चुकी हैं और अगले 6 महीने में 5 और शुरू होंगी. बिजली के क्षेत्र में मांग 9,475 मेगावाट तक पहुंची. मुख्यमंत्री विद्युत सहायता योजना के तहत 125 यूनिट बिजली प्रतिमाह निःशुल्क दी जा रही है. 2027 तक 25 लाख घरों पर सोलर रूफटॉप लगाने का लक्ष्य है. किसानों को 1.66 लाख निःशुल्क कृषि कनेक्शन दिए गए.
स्वास्थ्य, कानून-व्यवस्था और आधारभूत संरचना
स्वास्थ्य क्षेत्र में 80 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को घर पर चिकित्सा सुविधा मिलेगी. जिला अस्पतालों में 36 प्रकार की सर्जरी होगी और अनावश्यक रेफरल बंद किया जाएगा. BGHS के तहत सरकारी कर्मियों को कैशलेस इलाज मिलेगा. कानून-व्यवस्था के लिए ERSS के तहत 1833 वाहन 10 मिनट में सेवा दे रहे हैं. 855 थानों में महिला हेल्प डेस्क और अभया ब्रिगेड गठित हैं. पुलिस दीदी को स्कूटी दी जाएगी. राज्य में 5 एक्सप्रेस-वे और 6 हाई-स्पीड कॉरिडोर बन रहे हैं. 4 हवाई अड्डे संचालित हैं, 6 और बन रहे हैं. 12 ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप बसाई जाएंगी – पटना में पाटलिपुत्र, गया में मगध, दरभंगा में मिथिला सहित. इसके लिए HUDCO से 1 लाख करोड़ का समझौता हुआ है.
पर्यटन और अन्य घोषणाएं
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री बिहार हेली-टूरिज्म योजना शुरू की गई है. पटना के मोकामा में 10 एकड़ में तिरूपति बालाजी मंदिर बनेगा. कोसी-मेची लिंक परियोजना पर 6,282 करोड़ की लागत से काम चल रहा है. मुख्यमंत्री ने सहयोग शिविरों का जिक्र करते हुए बताया कि अब तक 6.46 लाख आवेदनों में से 95% का निष्पादन हो चुका है. लापरवाही पर 17,773 अधिकारियों को स्पष्टीकरण भेजा गया है.
