Patna: सोशल मीडिया और समाचार माध्यमों में वायरल हुए वीडियो के बाद चकसिकंदर ओपी प्रभारी एसआई संदीप कुमार को निलंबित कर लाइन हाजिर कर दिया गया है. उन पर युवक के साथ मारपीट और कर्तव्य में लापरवाही का आरोप है.
मिली जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर चकसिकंदर ओपी प्रभारी द्वारा एक युवक के साथ मारपीट किए जाने का वीडियो वायरल हुआ था. वीडियो सामने आने के बाद वैशाली एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ सदर-2 द्वारा मामले की जांच कराई गई. जांच में उपलब्ध साक्ष्यों और संबंधित व्यक्तियों के बयानों के आधार पर पुष्टि हुई कि एसआई संदीप कुमार द्वारा युवक के साथ अनुचित बल प्रयोग किया गया था. इसके अलावा युवक को थाना लाने के बाद ब्रेथ एनालाइजर से जांच नहीं कराई गई. उक्त कृत्य को कर्तव्य के प्रति लापरवाही एवं अनुचित आचरण मानते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर लाइन हाजिर किया गया है.
