Patna: करीब 4 साल तक ड्यूटी से लगातार अनुपस्थित रहने के मामले में मुजफ्फरपुर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है. एसएसपी ने प्रशिक्षु महिला सिपाही को सेवा से बर्खास्त कर दिया है. जानकारी के अनुसार प्रशिक्षु महिला सिपाही सोनी कुमारी, मुजफ्फरपुर जिला बल में 06 अक्टूबर 2022 से अपने कार्यस्थल से बिना किसी सूचना के फरार थी. कुल 1397 दिन यानी 03 वर्ष, 11 महीना, 28 दिन तक वह अनुपस्थित रही.

कई बार भेजे गए नोटिस

इस दौरान महिला सिपाही को कर्तव्य पर उपस्थित होने के लिए विभिन्न माध्यमों से कई बार पत्राचार और सूचित किया गया. विभागीय कार्यवाही भी शुरू की गई और उन्हें निलंबित किया गया. उनके गृह पते पर डाक और विशेष दूत के माध्यम से उपस्थित होने का निर्देश भी भेजा गया, परंतु न तो वे ड्यूटी पर उपस्थित हुईं और न ही कोई बचाव स्पष्टीकरण समर्पित किया.

बर्खास्तगी का आदेश

विभागीय जांच में उपलब्ध तथ्यों, साक्ष्यों और गवाहों के बयान के आधार पर संचालन पदाधिकारी ने महिला प्रशिक्षु सिपाही को दोषी माना. 3 साल 11 महीने से फरार रहना वरिष्ठ पदाधिकारी के आदेशों का उल्लंघन, घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता और स्वेच्छाचारिता माना गया. अंततः लंबे समय से बिना सूचना कर्तव्य से फरार रहने के आरोप में प्रशिक्षु महिला सिपाही सोनी कुमारी, गृह जिला-मुंगेर को तत्काल प्रभाव से “सेवा से बर्खास्त” किया जाता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed