Patna: राजधानी पटना के दानापुर दियारा क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी सौगात. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को पटना के नासरीगंज घाट से पानापुर घाट के बीच निःशुल्क स्टीमर फेरी सेवा का शुभारंभ किया. शुभारंभ के बाद मुख्यमंत्री ने स्टीमर का निरीक्षण किया और उस पर सवार लोगों से मुलाकात की. मुख्यमंत्री ने कहा “यह स्टीमर फेरी सेवा पूरी तरह निःशुल्क है. इससे आवागमन काफी सुगम होगा और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी. जल परिवहन के बेहतर उपयोग से गंगा के दोनों ओर रहने वाले लोगों को एक अतिरिक्त और सुविधाजनक विकल्प मिला है. “जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने सेवा की विस्तृत जानकारी दी. इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, विधान पार्षद अनामिका सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे.

66 हजार लोगों को सीधा लाभ

इस फेरी सेवा से दानापुर प्रखंड के दियारा क्षेत्र की 6 ग्राम पंचायतों – पुरानी पानापुर, मानस, कासिमचक, हेतनपुर, गंगहारा और पतलापुर की 66 हजार से अधिक आबादी को सालभर सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी. अब तक दियारा से दानापुर आने-जाने के लिए गंगा पर पीपा पुल नवंबर से 15 जून तक ही चलता था. मानसून में पीपा पुल हटने के बाद लोगों को नदी पार करने में जान जोखिम में डालनी पड़ती थी. स्टीमर सेवा शुरू होने से अब सालभर सुरक्षित आवागमन हो सकेगा.

आर्थिक गतिविधियों को मिलेगा बूस्ट

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सेवा से किसानों, सब्जी-फल और दुग्ध उत्पादकों-विक्रेताओं को सबसे ज्यादा फायदा होगा. कृषि और दुग्ध उत्पादों को बाजार तक पहुंचाना आसान होगा, जिससे स्थानीय व्यापार को प्रोत्साहन मिलेगा.

शिक्षा-स्वास्थ्य कर्मियों को भी सहूलियत

दियारा क्षेत्र में 58 विद्यालय, 95 आंगनबाड़ी केंद्र, 3 स्वास्थ्य उपकेंद्र और पंचायत कार्यालय संचालित हैं. इनमें कार्यरत 553 शिक्षक, 190 सेविका-सहायिका, स्वास्थ्य कर्मी और पंचायत कर्मी अब आसानी से अपने कार्यस्थल तक पहुंच सकेंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed