Patna: जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पोटिया थाना पुलिस ने MDMA तस्कर सिंडिकेट का भंडाफोड़ कर 2 तस्करों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी में बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले क ग्वालपोखर थाना क्षेत्र के डिहर निवासी मो0 गुफरान और चकुलिया थाना क्षेत्र के बसालपुर के रहने वाले मो0 तैरूद्दीन का नाम शामिल है. आरोपी क पास से 31.44 ग्राम MDMA, बाईक और 2 मोबाइल पुलिस ने बरामद किया है. पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे बंगाल के इस्लामपुर से MDMA लाकर ठाकुरगंज में बेचते हैं.
अपराध से अर्जित संपत्ति होगी जब्त
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पोटिया थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली कि बंगाल के इस्लामपुर से MDMA लेकर 2 व्यक्ति बाइक से ठाकुरगंज जा रहे हैं. सूचना पर एसडीपीओ -2 मनोज कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई. पोटिया थाना क्षेत्र के बिरनाबाड़ी के पास पक्की सड़क पर वाहन चेकिंग के दौरान इस्लामपुर से आ रही एक बाईक को रुकने का इशारा किया गया. पुलिस को देख बाइक सवार भागने लगे, जिसे टीम ने खदेड़कर पकड़ लिया. पुलिस अब इस कांड में शामिल अन्य तस्करों की गिरफ्तारी और ड्रग्स की बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है साथ ही अपराध से अर्जित संपत्ति को जब्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी. इस संबंध में पोटिया थाना (कांड संख्या 275/26) में मामला दर्ज किया गया है.
