Ranchi: रांची आरपीएफ ने ऑपरेशन “रक्षक” के तहत रांची रेलवे स्टेशन पर छापेमारी कर टीटीई बनकर ठगी करने वाले गिरोह के 4 सदस्यों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी में महेश साहनी, चंदन कुमार, सीतल राय और संतोष साहनी का नाम शामिल है. आरोपी के पास से 2,000 रुपये नगद (ठगी की राशि) और सात मोबाइल (दो संदिग्ध चोरी के मोबाइल) भी बरामद किया गया है.
मिली जानकारी के अनुसार आरपीएफ को गुप्त सूचना थी कि कुछ लोग रेलवे अधिकारी बनकर यात्रियों को “कन्फर्म रेल टिकट” दिलाने का झांसा देकर ठगी कर रहे हैं. UTS बुकिंग कार्यालय के पास अभियान चलाया गया. पीड़ित उमर साद खान ने बताया कि महेश और चंदन ने उसे कन्फर्म टिकट दिलाने के नाम पर 2,000 की ठगी की और टिकट दिए बिना भागने का प्रयास कर रहे थे. पूछताछ में अन्य 2 साथियों का नाम सामने आया. पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने गिरोह बनाकर यात्रियों से ठगी की और चोरी के मोबाइल भी रखे हुए थे. चारों आरोपियों को बरामद सामान और जब्ती सूची के साथ आगे की कार्रवाई के लिए रांची जीआरपी को सुपुर्द किया गया. इस संबंध में जीआरपी थाना में मामला दर्ज किया गया है.
