Patna: बोकारो एसपी के निर्देश पर शहर में “No Bike for Minors” अभियान चलाया जा रहा है. सिटी डीएसपी के नेतृत्व में सेक्टर-06 थाना एवं ट्रैफिक पुलिस की संयुक्त टीम ने विगत दिनों शहर के विभिन्न विद्यालयों के बाहर चेकिंग अभियान चलाया. नाबालिग छात्रों द्वारा अनाधिकृत रूप से दोपहिया वाहन चलाकर स्कूल आने की घटनाओं को रोकना और सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाना है.
क्या की गई कार्रवाई
अभियान के दौरान स्कूलों के बाहर अनाधिकृत रूप से दोपहिया वाहन लेकर आने वाले नाबालिग छात्रों के विरुद्ध कार्रवाई की गई. उनके वाहनों का चालान किया गया। साथ ही संबंधित विद्यार्थियों के अभिभावकों से शपथ-पत्र लिया गया कि वे भविष्य में अपने नाबालिग बच्चों को किसी भी प्रकार का मोटर वाहन चलाने की अनुमति नहीं देंगे.
अब तक की उपलब्धि
अब तक इस अभियान के तहत 19 वाहनों का चालान किया जा चुका है. पुलिस के अनुसार यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा. नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
बोकारो पुलिस की अपील
बोकारो पुलिस सभी अभिभावकों से अपील करती है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को मोटर वाहन चलाने की अनुमति न दें. नाबालिग द्वारा वाहन चलाना सड़क सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत गंभीर विषय है और यह मोटर वाहन अधिनियम (Motor Vehicles Act) के अंतर्गत दंडनीय अपराध है. पुलिस का कहना है कि अभिभावकों का सहयोग ही सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं बच्चों के सुरक्षित भविष्य की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है.
