Patna: मोतिहारी पुलिस ने नकली नोट तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने 1.26 करोड़ रुपये के भारतीय नकली नोट, 13.20 लाख असली भारतीय नोट, 38 पीस सोने का बिस्कुट, एक देशी कट्टा, 8 गोली, एक कार, चार मोबाईल और दो बाईक के साथ चार आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी में भोपत थाना क्षेत्र के सुलेमान अंसारी, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के इम्तेयाज आलम, कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मनोज कुमार राम और कोटवा थाना क्षेत्र के बनारसी साह का नाम शामिल है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गुप्त सूचना मिली कि भोपतपुर थाना क्षेत्र, जसौली वृत्ति टोला निवासी सुलेमान अंसारी भारी मात्रा में भारतीय जाली नोट लेकर आया है और उसे किसी नेपाली तस्कर को सप्लाई करना है. सूचना पर एसडीपीओ सदर-01, सदर-02 और प्रशिक्षु डीएसपी के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने सुलेमान के घर पर छापा मारा. नकली नोट, हथियार, असली नोट समेत अन्य समान बरामद किया गया. सुलेमान की निशानदेही पर मनोज कुमार राम के घर से 25 लाख नकली नोट भी बरामद हुए. अन्य संलिप्त आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
