Patna: वैशाली पुलिस ने बड़ी घटना होने से पहले ही नाकाम कर दी. काजीपुर थाना पुलिस की टीम ने एसटीएफ से मिली गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए लगभग 2 दर्जन कांडों के कुख्यात अपराधी राजकपुर साह और उसके साथी राकेश कुमार को एक देशी कारबाइन, एक देशी कट्टा और मैगजीन के साथ गिरफ्तार किया है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार काजीपुर थाना पुलिस को एसटीएफ से सूचना मिली कि दौलतपुर चांदी निवासी कुछ लोग अवैध हथियार छिपाकर रखे हैं और एक व्यक्ति दुर्गा मंदिर के पास मौजूद है. सूचना पर वैशाली एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ सदर-01 हाजीपुर के नेतृत्व में एसटीएफ और स्थानीय थाना की विशेष टीम गठित हुई. दुर्गा मंदिर के पास टीम को देखकर करताहां थाना क्षेत्र के पातेपुर निवासी राजकपुर साह भागने लगा, जिसे घेरकर पकड़ लिया गया. पूछताछ में उसने कबूल किया कि उसने एक देशी कारबाइन और एक देशी कट्टा छिपाकर रखा है और इस काम में काजीपुर थाना क्षेत्र के दौलतपुर निवासी उसका साथी राकेश कुमार शामिल है. राकेश को भी उसके ठिकाने से पकड़ लिया गया. दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने दौलतपुर चांदी में ईंट के ढेर के अंदर से एक देशी कारबाइन मैगजीन सहित और एक देशी कट्टा बरामद किया. पकड़ाया राजकपुर साह वैशाली का कुख्यात अपराधी है. उस पर हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट, NDPS एक्ट के 16 मुकदमे दर्ज हैं. पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर हथियार सप्लाई करने वाले अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी है.
